राष्ट्रीय

मोदी की हत्या वाले बयान पर कांग्रेस नेता को जेल


 मोदी की हत्या की बात कहने वाले MP के कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री राजा पटेरिया की जमानत याचिका खारिज करते हुए कोर्ट ने उन्हें जेल भेज दिया। इसके बाद कोर्ट से बाहर निकलने के दौरान पटेरिया ने विक्ट्री साइन दिखाया। पुलिस ने पटेरिया को मंगलवार सुबह 5.30 बजे उनके घर से गिरफ्तार किया। पटेरिया अपने गृहनगर दमोह के हटा में थे। पुलिस ने उन्हें यहीं से अरेस्ट किया।

पटेरिया जब कोर्ट से बाहर निकल रहे थे तो उन्होंने विक्ट्री साइन दिखाया और कहा, ये विचारधारा की लड़ाई है। मैंने वो शब्द नहीं कहे थे। मैं महात्मा गांधी का अनुयायी हूं। इससे पहले 11 दिसंबर को उन्होंने एक सभा में कहा था, ‘अगर लोकतंत्र को बचाना है तो मोदी की हत्या को तत्पर रहो। इन द सेंस हराने का काम करो।’

गिरफ्तारी के बाद पुलिस पटेरिया को JMFC कोर्ट पवई लेकर पहुंची। इससे पहले मेडिकल चेकअप के लिए पवई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। प्रथम श्रेणी न्यायालय ने पटेरिया की जमानत अर्जी खारिज कर दी। उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।