Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

मोदी कैबिनेट में अनुराग समेत इन नेताओं को मिलेगा प्रमोशन,


  • नरेंद्र मोदी कैबिनेट का आज शाम 6 बजे विस्तार होगा। इस बार के कैबिनेट विस्तार में कई मंत्रियों को प्रमोशन मिल सकता है। सूत्रों की माने तो इस बार के कैबिनेट विस्तार में उन मंत्रियों को प्रमोशन मिलने जा रहा है जो कि सरकार में अच्छा काम किए हैं। जिन मंत्रियों को प्रमोशन मिलने की संभावना है उसमें किरण रिजिजू, अनुराग ठाकुर, हरदीप सिंह पुरी, पुरुषोत्तम रूपाला, मानुष मांडव्या और जेकी रेड्डी शामिल हैं। इनमें से कुछ मंत्री आज होने वाले शपथ ग्रहण से पहले प्रधानमंत्री आवास पहुंचे हुए थे।

मंत्रिमंडल के विस्तार से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा से चर्चा की थी। आज होने वाले शपथ ग्रहण से पहले भी पीएम मोदी ने अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और जेपी नड्डा के साथ बैठक की है। इन नेताओं के साथ पीएम मोदी की बैठक प्रधानमंत्री आवास पर हुई है।

इसके अलावा पीएम मोदी से मिलने वाले अन्य लोगों में नारायण राणे, ज्योतिरादित्य सिंधिया, अजय भट्ट, भूपेंद्र यादव, शोभा करंदलाजे, प्रीतम मुंडे और मीनाक्षी लेखी, पशुपति पारस (लोक जनशक्ति पार्टी) और अनुप्रिया पटेल (अपना दल) शामिल हैं। बता दें कि 2019 में मोदी सरकार का दूसरा कार्यकाल शुरू के बाद यह पहला मौका है जब मंत्रिमंडल का विस्तार किया जा रहा है।

– किरेन रिजिजू खेल राज्य मंत्री हैं और हरदीप पुरी विमानन मंत्रालय का जिम्मा संभाल रहे हैं।

– वहीं, हिमाचल प्रदेश के सांसद अनुराग ठाकुर वित्त राज्य मंत्री हैं। अनुराग ठाकुर को लेकर कयास लगाया जा रहा है कि उन्हें सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की जिम्मेदारी दी जा सकती है।

– जीके रेड्डी गृह मामलों के कनिष्ठ मंत्री हैं और पुरुषोत्तम रूपाला पंचायती राज, कृषि और किसान कल्याण राज्य मंत्री हैं।

– केंद्रीय मंत्रिमंडल, जिसमें 81 सदस्य हो सकते हैं, में वर्तमान में 52 मंत्री हैं। यानी 29 और मंत्रियों को शामिल किया जा सकता है। अब देखना है कि मंत्रिमंडल में कितने मंत्री शामिल किए जाते हैं।