Latest News अन्तर्राष्ट्रीय

यूक्रेन में रूस कर सकता है रासायनिक हथियार का इस्तेमाल, अमेरिका ने दी चेतावनी


वाशिंगटन, यूक्रेन में जारी रूसी हमलों के बीच अमेरिका की ओर से नई चेतावनी जारी की गई है। इसमें कहा गया है कि अब कीव में मास्को की ओर से रासायनिक हमले भी हो सकते हैं। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव जेन साकी ने इस बात की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अमेरिका ने यूक्रेन में संभावित रूसी रासायनिक हमले के संकेत दिए हैं। दरअसल बाइडन प्रशासन ने सार्वजनिक तौर पर चेताया है कि रूस यूक्रेन में रासायनिक या जैविक हथियार का इस्तेमाल कर सकता है क्योंकि व्हाइट हाउस ने रूस के उस दावे का खंडन किया है जिसमें उसने यूक्रेन में अवैध तौर पर रासायनिक हथियारों को विकसित किए जाने का दावा किया था।

वहीं पेंटागन के प्रेस सचिव जान किर्बी ने कहा, ‘यूक्रेन की मदद करने के वैकल्पिक विकल्पों में दुनिया भर के अन्य सहयोगियों और साझेदार देशों के साथ काम करना शामिल है जिनके पास यूक्रेन को प्रदान करने के लिए अतिरिक्त वायु रक्षा क्षमताएं हो सकती हैं। हम इस बारे में कई देशों के साथ चर्चा कर रहे हैं।’

उल्लेखनीय है कि यूक्रेन और यूरोपीय सहयोगियों को 13.6 अरब डॉलर की सहायता देने के लिए अमेरिकी संसद सदस्यों में बुधवार सुबह एक द्विदलीय समझौते पर सहमति बनी। इसमें, संघीय एजेंसियों को 1500 अरब डॉलर की वित्तपोषण सहायता के हिस्से के रूप में महामारी से निपटने के लिए कई अरब डालर की सहायता देना भी शामिल है। राष्ट्रपति जो बाइडन ने पिछले हफ्ते सैन्य, मानवीय और आर्थिक सहायता के रूप मे 10 अरब डालर का अनुरोध किया था। डेमोक्रेटिक और रिपब्लिकन सांसदों का पुख्ता समर्थन मिलने से यह राशि 13.6 अरब डालर  पर पहुंच गई। व्हाइट हाउस में बाइडन ने कहा, ‘हम उनका (यूक्रेन का) अत्याचार, दमन, हिंसा की कार्रवाई के खिलाफ समर्थन करने जा रहे हैं।’ इस विधेयक पर प्रतिनिधि सभा में बुधवार तक और सीनेट में इस सप्ताह के अंत तक मुहर लगने की उम्मीद है। यूक्रेन की मदद करने को लेकर डेमाक्रेटिक और रिपब्लिकन सदस्य साथ हैं। रूस के हमले के बाद यूक्रेन का बड़ा हिस्सा तबाह हो गया है।