उत्तर प्रदेश लखनऊ

यूपी एक दिनमें सबसे अधिक कोविड वैक्सीन लगाने वाला देशका पहला राज्य


लखनऊ (आससे)। उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल ने लोक भवन में प्रेस प्रतिनिधियों को सम्बोधित करते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश एक दिन में सबसे अधिक कोविड वैक्सीन लगाने वाला देश में पहला राज्य है। कोविड वैक्सीन स्वास्थ्य कर्मियों को लगाने की कार्यवाही की जा रही है, शेष स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन 22 जनवरी को लगाने की कार्यवाही की जायेगी। वैक्सीन लगाने के लिए प्रत्येक सप्ताह के दो दिन गुरूवार व शुक्रवार नियत किये गये है, जिसके क्रम में 28 जनवरी व 29 जनवरी, 2021 को वैक्सीन स्वास्थ्य कर्मियों को लगायी जायेगी। वैक्सीनेशन के सम्बंध में किसी भी प्रकार का भ्रम न रखें। उन्होंने बताया कि सर्वप्रथम स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन लगाया जा रहा है। भारत सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन एवं क्रम के अनुसार कोविड वैक्सीनेशन का कार्य संचालित किया जा रहा है। इसमें किसी भी प्रकार का कोई भी बदलाव नहीं किया जायेगा। मुख्यमंत्री के निर्देशन में प्रदेश सरकार की कोविड संक्रमण को नियंत्रित करने की योजना कारगर सिद्ध हो रही है। जिसके क्रम में प्रदेश में कोविड-19 के एक्टिव केसों की संख्या 9000 से कम आ गयी है। प्रदेश में सर्विलांस का नया प्रयोग कर प्रत्येक परिवार तक पहुंच कर उनका हालचाल लेते हुए कोविड संक्रमण के लक्षण की जानकारी ली जा रही है। उन्होंने बताया कि अब तक 2.63 करोड़ से अधिक कोविड-19 के टेस्ट तथा 15.20 करोड़ से अधिक लोगों से सम्पर्क कर कोविड संक्रमण की जानकारी ली गयी है। अभियान के अन्तर्गत उत्तर प्रदेश की 24 करोड़ जनसंख्या में से लगभग 18 करोड़ परिवार तक पहुंचकर हालचाल जाना गया है अथवा उनका कोविड टेस्ट कराया गया है।