News TOP STORIES उत्तर प्रदेश लखनऊ वाराणसी

यूपी की 75 में से 67 सीटों पर भाजपा ने किया कब्जा, सपा को महज 5 सीट, सीएम योगी ने दी बधाई


  1. उत्तर प्रदेश जिला पंचायत अध्यक्ष पद चुनाव में भाजपा ने इतिहास रच दिया है। भाजपा ने 75 में से 67 सीट पर कब्जा किया। सपा गठबंधन को मात्र 5 सीट मिली।

भाजपा ने सपा के 63 सीटों के रिकार्ड को तोड़ दिया। बुंदेलखंड में सभी सीटों पर भाजपा प्रत्याशी की जीत हुई। कुछ जिलों में निर्दलीय ने कब्जा किया। समाजवादी पार्टी का गढ़ माने जाने वाले बदायूं में भी बीजेपी ने जीत हासिल की है।

संतकबीर नगर, बलिया, आजमगढ़ और एटा में सपा ने जीत दर्ज की

संतकबीर नगर, बलिया, आजमगढ़ और एटा में सपा ने जीत दर्ज की है। जबकि बागपत में राष्ट्रीय लोकदल की प्रत्याशी ने भाजपा प्रत्याशी को हरा दिया है। चूंकि राज्य की 22 जिला पंचायतों के अध्यक्षों को मंगलवार को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया था, इसलिए शनिवार को शेष जिलों में मतदान कराया गया।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर बधाई दी। उत्तर प्रदेश में जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक विजय आदरणीय प्रधानमंत्री जी की लोक कल्याणकारी नीतियों का प्रतिफल है। यह उत्तर प्रदेश में स्थापित सुशासन के प्रति जन विश्वास का प्रकटीकरण है। सभी प्रदेशवासियों का धन्यवाद एवं विजय की हार्दिक बधाई!

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्षों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामना दी हैं। सरकारी बयान के अनुसार, अपने बधाई संदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘त्रिस्तरीय पंचायतीराज व्यवस्था की ग्रामीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका है। जिला पंचायत के माध्यम से ग्रामीण इलाकों में विकास के महत्वपूर्ण कार्य संचालित होते हैं।’

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए विजयी सभी प्रत्याशियों को मेरी ओर से हार्दिक बधाई। आप सबकी यह जीत भारत की पंचायती राज व्यवस्था को और अधिक मजबूती प्रदान करेगी। आप सभी के उज्ज्वल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं।

उत्तर प्रदेश के पंचायत चुनाव में 75 में से 67 सीटों पर विजय

उत्तर प्रदेश भाजपा ने शनिवार को दावा किया कि राज्य में जिला पंचायत अध्यक्षों के 75 में से 67 सीटों पर पार्टी समर्थित उम्मीदवार विजयी हुए हैं। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने शनिवार को ट्वीट कर दावा किया कि ”भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश के पंचायत चुनाव में 75 में से 67 सीटों पर विजय प्राप्त की है।

इस अभूतपूर्व परिणाम के लिए मैं प्रदेश की जनता एवं भाजपा के परिश्रमी कार्यकर्ताओं का हृदय की गहराइयों से आभार व्यक्त करता हूं।” पत्रकारों से यहां बातचीत करते हुए सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की लोकप्रियता और केंद्र एवं राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को जीत की वजह बताया।

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने हमला बोला

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी पर सत्ता के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि ”जिला पंचायत अध्यक्षों के चुनाव में आज सत्तारूढ़ दल ने सभी लोकतांत्रिक मान्यताओं का तिरस्कार करते हुए स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव को एक मजाक बना दिया है। सत्ता का ऐसा बदरंग चेहरा कभी नहीं देखा गया।”

उन्होंने कहा, ”भाजपा ने अपनी हार को जीत में बदलने के लिए मतदाताओं के अपहरण, उनको मतदान से रोकने के लिए पुलिस और प्रशासन के सहारे बल प्रयोग किया और जबर्दस्ती हेल्पर देकर अपने पक्ष में मतदान करा लिया। भाजपा की धांधली का विरोध करने पर समाजवादी कार्यकर्ताओं से दुर्व्यवहार किया गया।

उत्तर प्रदेश जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव : 53 जिलों में मतगणना

राज्य के चंदौली, हापुड़, सुलतानपुर, मिर्जापुर, रायबरेली, मथुरा, फिरोजाबाद, बिजनौर, हमीरपुर, मुजफ्फरनगर, सोनभद्र, बलिया, गाजीपुर, उन्नाव, हरदोई, कुशीनगर, मैनपुरी, प्रतापगढ़, कन्नौज, जालौन, महराजगंज, संतकबीरनगर, लखीमपुर, बदायूं, प्रयागराज, अमेठी, भदोही, बाराबंकी, फर्रुखाबाद, संभल, बस्ती, फतेहपुर, शामली, अलीगढ़, जौनपुर, कासगंज, आजमगढ़, सिद्धार्थनगर, एटा, अयोध्‍या, रामपुर, सीतापुर, औरैया, महोबा, फतेहपुर, कानपुर नगर, कानपुर देहात, आंबेडकरनगर, बरेली, कौशांबी, हाथरस, देवरिया और लखनऊ में शनिवार को जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए मतदान हुआ।

22 जिलों में जिला पंचायत अध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित घोषित

उत्तर प्रदेश के 22 जिलों में जिला पंचायत अध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित घोषित किये गये हैं जिनमें इटावा जिले को छोड़कर 21 निर्वाचित अध्यक्ष सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के हैं। इटावा में समाजवादी पार्टी को जीत मिली है।

राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज कुमार ने मंगलवार को बताया था कि प्रदेश के 22 जिलों सहारनपुर, बहराइच, इटावा, चित्रकूट, आगरा, गौतम बुद्ध नगर, मेरठ, गाजियाबाद, बुलंदशहर, अमरोहा, मुरादाबाद, ललितपुर, झांसी, बांदा, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा, गोरखपुर, मऊ, वाराणसी, पीलीभीत और शाहजहांपुर में जिला पंचायत के अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ है।