Latest News उत्तर प्रदेश नयी दिल्ली राष्ट्रीय लखनऊ

यूपी चुनाव की तैयारियों में जुटीं प्रियंका गांधी, 14 जुलाई को लखनऊ का करेंगी दौरा


  • नई दिल्ली: उत्तर प्रेदश विधानसभा चुनाव-2022 के एजेंडे को लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा यूपी के कांग्रेसी नेताओं के साथ आज एक ऑनलाइन बैठक करेंगी। वहीं उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी 14 जुलाई को लखनऊ का दौरा भी करेंगी। इस बैठक में चुनाव के लिए रणनीति बनाने और पार्टी की गतिविधियों में तेजी लाने पर बात की जाएगी। कांग्रेस 30 साल से अधिक समय के बाद राज्य में वापसी करना चाह रही है। इस बैठक में इस बात पर भी चर्चा की जाएगी कि कैसे पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया जाए।

हाल ही में खत्म हुए ब्लॉक प्रमुख चुनावों में कांग्रेस के निराशाजनक प्रदर्शन को देखते हुए यह बैठक महत्वपूर्ण है। ब्लॉक प्रमुख चुनावों में कांग्रेस उम्मीदवार 825 में से केवल दो सीटें ही जीत पाए। चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत हुई थी, बीजेपी आने वाले चुनाव में सत्ता बनाए रखने की कोशिश में होगी।

समाचार एजेंसी पीटीआई (भाषा) के मुताबिक, प्रियंका गांधी की पार्टी नेताओं के साथ बैठक सुबह 10 बजे होगी। बैठक में विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा होगी और कैडर को सक्रिय करने की रणनीति भी बनाई जाएगी।

इससे पहले, यूपी कांग्रेस ने ब्लॉक अध्यक्षों, जिला-शहर अध्यक्षों और राज्य के अधिकारियों के लिए कैंप आयोजित किए थे। जो 10 जुलाई को खत्म हुआ है। इन कैम्प में संगठन को मजबूत करने, बूथ निर्माण और कई सोशल मीडिया अभियानों पर चर्चा करने पर फोकस किया गया था।