Latest News उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय लखनऊ

यूपी पुलिस में 10 हजार भर्ती का निर्धारित लक्ष्य पूरा, सीएम योगी ने चयनित अभ्यर्थियों को दी बधाई


लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर पुलिस विभाग में युवाओं को रोजागार उपलब्ध कराने के 100 दिन के अभियान के तहत 10 हजार पुलिस भर्ती के निर्धारित लक्ष्य को निर्धारित समय से पहले ही शत प्रतिशत पूरा कर लिया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा उपनिरीक्षक एवं समकक्ष पदों पर चयनित 9,534 अभ्यर्थियों को बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।

 

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश पुलिस बल में सेवा हेतु चयनित किए गए यह युवा प्रदेश में अमन-चैन के माहौल को कायम रखने तथा कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। प्रदेश पुलिस के इतिहास में पहली बार इतनी विशाल संख्या में एक साथ सीधी भर्ती द्वारा उपनिरीक्षकों के चयन से विभाग की कार्यदक्षता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।