Latest News आगरा आज़मगढ़ उत्तर प्रदेश चंदौली जौनपुर नयी दिल्ली बलिया भदोही, ज्ञानपुर मऊ मिर्जापुर राष्ट्रीय लखनऊ वाराणसी सोनभद्र

यूपी में तेजी से करवट लेगा मौसम, लखनऊ समेत 50 जिलों में आज से तीन दिन झमाझम वर्षा का अलर्ट


लखनऊ, । यूपी में एक बार फिर मौसम करवट लेगा। राजधानी समेत प्रदेश के 50 जिलों में भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज से अगले तीन दिनों यानी शनिवार तक झमाझम बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम वैज्ञानिक मुहम्मद दानिश ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से उमस और गर्मी से लोग परेशान हैं। ऐसे में अगले तीन दिनों तक मध्यम गति से हवा चलने के साथ तेज बरसात होगी।

अगले 24 घंटे में तेजी से घटेगा तापमान

इससे तापमान में गिरावट दर्ज होगी और लोगों को काफी राहत मिलेगी। साथ ही इस बारिश से धान की खेती को भी फायदा होगा। उन्होंने कहा, रविवार से मौसम में फिर से परिवर्तन होने की उम्मीद है। अभी मौसम की विदाई के संबंध में कुछ नहीं कहा जा सकता है। फिलहाल, इस माह के अंत तक हल्की से मध्यम बरसात हो सकती है। राजधानी में बुधवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कानपुर में तेज धूप के साथ भीषण गर्मी और उमस कर रही परेशान

गुरुवार की सुबह से शहर का मौसम बेहद साफ दिखाई दिया। बुधवार की शाम तक आसमान पर छाए रहे बादलों ने जैसे विदाई ले ली है। साफ आसमान पर सूरज सुबह से चमक रहा है। गुरुवार को सूर्योदय के साथ शहर का तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद है। दिन में उमस बढ़ने पर वर्षा की संभावना भी बनी हुई है लेकिन सुबह के समय मौसम ऐसा दिख रहा है जिसमें वर्ष होने की संभावना बिल्कुल नहीं है।

बार‍िश की संभावना के बीच रहेगी बादलों की आवाजाही

बुधवार को दिन भर शहर के आसमान पर बादल छाए रहे। दिन में कई बार ऐसा मौसम बना जब बारिश हो सकती थी लेकिन लोग वर्षा का इंतजार ही करते रह गए। चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय के अनुसार अब छिटपुट वर्षा की स्थितियां बन रही हैं। मौसम में नमी बनी हुई है। उमस बढ़ने के साथ ही बारिश हो सकती है। बादलों की आवाजाही बनी रहेगी।