Latest News उत्तर प्रदेश बिहार मऊ राष्ट्रीय

यूपी में बोले बिहार के मंत्री मुकेश सहनी-धनुर्धर बना हूं तो लक्ष्य भी साधूंगा


पटना : विकासशील इंसान पार्टी (वीआइपी) के संस्थापक मुकेश सहनी ने भाजपा पर इशारों ही इशारों में निशाना साधा है। बिहार के पशुपालन मंत्री ने कहा कि महाभारत का एकलव्य बनना उन्हें मंजूर नहीं। अगर वे धनुर्धर बने हैं तो लक्ष्य भी साधेंगे। उन्होंने मतदाताओं से भी एकलव्य नहीं बनने का आह्वान किया और कहा अगर समर्पण भाव से धनुर्धारी बनें तो किसी गुरु को अंगूठा काटकर देने की जरूरत नहीं। सहनी शुक्रवार को मऊ जनपद के मधुबन स्थित पाती खेल मैदान में मधुबन विधानसभा में पार्टी प्रत्याशी भरत सिंह के पक्ष में चुनावी सभा कर रहे थे।  सहनी ने भाजपा पर एक बार फिर लोगों को ठगने का आरोप लगाया।

कहा कि पिछड़ों के नाम पर वोट लेकर सत्तासुख भोगने वाले भाजपा के नेता आज उनकी सुध नहीं ले रहे हैं। जबकि पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता देवज्योति ने कहा है कि यूपी में वहां की जनता एकजुट होकर अपने अधिकार की लड़ाई लड़ रही है। उसके निशाने पर भाजपा है। जनता समझ चुकी है कि भाजपा ने देश को सौ वर्ष पीछे ढकेल दिया है। एक रैली में जनता को संबोधित करते हुए सहनी ने कहा कि भाजपा राम राज्य की बात कर रही है, लेकिन निषादों की चर्चा के बिना रामराज्य की बात अधूरी है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता देव ज्योति ने कहा कि पूरे उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा के विरुद्ध एकजुट होकर अपने अधिकार की लड़ाई लड़ रही है। भाजपा ने देश को सौ साल पीछे धकेल दिया है। जात-पात की राजनीति करने वाले भाजपाइयों को पूरे उत्तर प्रदेश की जनता मिलकर सत्ता से बाहर करेगी। देव ज्योति ने कहा कि विकासशील इंसान पार्टी (वीआइपी) ने उत्तर प्रदेश चुनाव के अंतिम चरण के चुनाव को लेकर अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। उन्होंने कहा कि हम सत्ता में आकर निषादों के अधिकार के लिए काम करेंगे।