News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

‘ये बात मजाक जैसी’, कांग्रेस के अकाउंट फ्रीज के आरोपों पर भाजपा ने किया पलटवार


नई दिल्ली।  लोकसभा चुनाव से पहले वार-पलटवार की राजनीति तेज हो गई है। इसी कड़ी में आज कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सोनिया गांधी ने भाजपा नीत केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए पार्टी के बैंक अकाउंट फ्रीज करने का आरोप लगाया।

 

कांग्रेस ने कहा कि केंद्र ने साजिशन उसके अकाउंट को फ्रीज कर दिया, जिससे वो चुनाव प्रचार नहीं कर सकें। अब कांग्रेस के इन आरोपों पर भाजपा ने पलटवार किया है।

जेपी नड्डा ने बोला हमला

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस को जनता पूरी तरह से खारिज कर देगी और इसी ऐतिहासिक हार के डर से ये नेता अब प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय लोकतंत्र और संस्थानों के खिलाफ कांग्रेस की बयानबाजी इसका सबूत है।

 

अपनी गलतियों को छुपा रही कांग्रेस

नड्डा ने कहा कि अपनी गलतियों को सुधारने के बजाय, कांग्रेस अपनी परेशानियों के लिए अधिकारियों को दोषी ठहरा रही है। उन्होंने कहा कि चाहे ITAT हो या दिल्ली HC, उन्होंने कांग्रेस से नियमों का पालन करने, बकाया करों का भुगतान करने के लिए कहा है, लेकिन पार्टी ने कभी ऐसा नहीं किया।

लूटने वाली पार्टी के पास पैसा न होना हास्यास्पद

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जिस पार्टी ने हर क्षेत्र, हर राज्य और हर जगह केवल लूट की हो, उसके लिए वित्तीय लाचारी की बात करना हास्यास्पद है। जीप से लेकर हेलिकॉप्टर घोटाले से लेकर बोफोर्स तक सभी घोटालों से जमा हुए पैसे का इस्तेमाल कांग्रेस अपने चुनाव प्रचार में कर सकती है।

 

रविशंकर और संबित पात्रा ने भी किया वार

वहीं, दूसरी ओर भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी और सोनिया गांधी ने आज दुनिया में भारत के लोकतंत्र को बदनाम किया है। उन्होंने कहा कि हमे भारत के लोकतंत्र, भारत की मीडिया और भारत की न्यायपालिका पर गर्व है।

उधर, संबित पात्रा ने कहा कि जहां तक बैंक अकाउंट फ्रीज करने की बात है तो अगर आप डिफॉल्टर हैं तो आपके साथ वैसा ही व्यवहार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले कांग्रेस खुद को कानूनों से ऊपर मानती थी, लेकिन ये मोदी की सरकार है, अब ऐसा नहीं होगा।