News TOP STORIES उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय लखनऊ

योगी आदित्यनाथ 25 को फिर लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ, कड़ी सुरक्षा में होगा शपथ ग्रहण


लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश की राजनीति ने नई करवट ले ली है। 37 वर्ष पुराना मिथक तोड़कर भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश की सत्ता में वापसी की है। लगातार दो चुनाव जीतकर इतिहास रचने वाली भारतीय जनता पार्टी अब मुख्यमंत्री के रूप में योगी आदित्यनाथ को ही दोबारा मौका भी दे रही है।

योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश भाजपा सरकार का दूसरा शपथ ग्रहण समारोह 25 मार्च को होगा। सूबे की राजधानी लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी इकाना अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 25 मार्च को शाम चार बजे से भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित देश के कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में योगी आदित्यनाथ एक बार फिर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इस शपथ ग्रहण समारोह में वाराणसी से सांसद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अलावा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, लखनऊ से सांसद रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। अयोध्या, काशी व मथुरा के संतों को भी आमंत्रित किया जा रहा है।

 

योगी आदित्यनाथ सरकार के इस शपथ ग्रहण समारोह में बसपा सुप्रीमो मायावती, सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा समेत विपक्षी दलों के नेताओं को भी आमंत्रित किया जाएगा। इतना ही नहीरं केन्द्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं के वह सभी लाभार्थी भी शपथ ग्रहण समारोह का हिस्सा बनेंगे, जिनके जीवनस्तर में पिछली सरकार ने आमूलचूल बदलाव किया था।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के परिणाम आने के बाद दो बार दिल्ली का दौरा कर चुके हैं। उनकी यहां मंत्रिमंडल के स्वरूप को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और गृहमंत्री अमित शाह से विस्तृत चर्चा हो चुकी है।