Latest News मनोरंजन राष्ट्रीय

राजकुमार राव और पत्रलेखा की रिसेप्शन पार्टी में पहुंचे मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर


नई दिल्ली, । बॉलीवुड अभिनेता राजकुमार राव ने अभिनेत्री पत्रलेखा पॉल से शादी कर ली है। इन दोनों ने चंडीगढ़ के ओबेरॉय सुखविलास में अपने परिवार और करीबी दोस्तों की उपस्थिति में शादी की। शादी के बाद से राजकुमार राव और पत्रलेखा की सोशल मीडिया पर कई तस्वीरें वायरल हो रही हैं। साथ ही उनकी शादी में कौन-कौन सी हस्तियां पहुंचीं, उनकी भी तस्वीरें सामने आ रही हैं।

राजकुमार राव और पत्रलेखा ने 15 नवंबर की दोपहर को धूमधाम से शादी की। इसके बाद शाम को भव्य रिसेप्शन पार्टी भी रखी। उनकी रिसेप्शन पार्टी में फिल्मी सितारों के अलावा देश की कई बड़ी हस्तियों ने भी शिरकत की। अब राजकुमार राव और पत्रलेखा की रिसेप्शन पार्टी की पहली तस्वीर सामने आ गई है। इस तस्वीर में बॉलीवुड का यह स्टार कपल हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के साथ नजर आ रहा है।

इस बात की जानकारी मनोहर लाल खट्टर ने खुद सोशल मीडिया के जरिए दी है। उन्होंने राजकुमार राव और पत्रलेखा के रिसेप्शन पार्टी की पहली तस्वीर को अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है। इस तस्वीर में राजकुमार राव और पत्रलेखा मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के साथ खड़े नजर आ रहे हैं। तस्वीर में पत्रलेखा जहां गोल्डन कलर की साड़ी में बेहद खूबसूरत लग रही थीं, वहीं राजकुमार राव काले रंग के टक्सीडो सूट में बेहद स्मार्ट दिखाई दे रहे हैं।

इस तस्वीर को शेयर करते हुए मुख्यमंत्री ने अपने कैप्शन में लिखा, ‘चंडीगढ़ में बॉलीवुड के प्रसिद्ध अभिनेता राजकुमार राव और पत्रलेखा के विवाह समारोह में शामिल होकर वर-वधू को आशीर्वाद और सफल वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं’। सोशल मीडिया पर राजकुमार राव और पत्रलेखा के रिसेप्शन की पहली तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है।