पटना

राजगीर-फतुहा सवारी गाड़ी हुई डीरेल, बाल-बाल बचे यात्री


राजगीर (नालंदा) (आससे)। रविवार की सुबह राजगीर रेलवे स्टेशन पर राजगीर-फतुहा सवारी गाड़ी 03223 बेपटरी हो गयी और एक बड़ा हादसा होते होते बच गया। इस हादसे में सभी यात्री सुरक्षित बच गए। रविवार की सुवह अपने नियत समय से राजगीर फतुहा सवारी गाड़ी 6 बजकर 30 मिनट पर खुली ही थी, और जैसे ही खुलकर महज 40 फिट आगे बढ़ी थी कि वह डिरेल हो गई। जिसमें एक बोगी का चार पहिया बेपटरी हो गया।

डिरेल होने का कारण बताया गया है सुरक्षा के दृष्टिकोण से प्रत्येक दिन लगाया जाने वाला लकड़ी का गुटका को चक्के के नीचे से नहीं हटाया गया था। बेपटरी होते ही ट्रेन पर सवार यात्रियों में अफरा तफरी मच गई। ट्रेन में सवार यात्री बोगी से निकलकर प्लेटफार्म पर भाग खड़े हुए। बाद में सभी यात्रियों को 8:10 पर खुलने बाली श्रमजीवी एक्सप्रेस से भेजा गया, इस वजह से श्रमजीवी एक्सप्रेस को बिहारशरीफ तक पैसेंजर बनाकर चलाया गया। बाद मे एआरटी ट्रेन मंगाकर बेपटरी हुए ट्रेन के चक्का को उठाया जा सका। वहीं घटना की जानकारी वरीय अधिकारियों को दी गयी।

सूचना मिलते ही रेलवे के उच्च पदाधिकारी घटनास्थल पहुंचकर जायजा लिया। डीआरएम पहुंच कर राजगीर घटना का लिया जायजा। घटना की सूचना मिलते ही दानापुर डिवीजन के मंडल रेल प्रबंधक प्रभात कुमार अपने दल बल के साथ घटना स्थल पर पहुँचे। डीआरएम प्रभात कुमार ने सभी पहलुओं से दुर्घटना की जांच पड़ताल की और बताया कि लकड़ी की तख्ती नही हटाने के कारण ही यह हादसा हुआ है। तत्काल उन्होंने इस कार्य मे लापरवाही बरतने के कारण ऑन डड्ढूटी रेलवे गार्ड पटना निवासी विनोद कुमार लाल को निलंबित कर दिया।

जाँच पड़ताल के लिए पहुँचे अधिकारियों में डीआरएम प्रभात कुमार के अलावे सीनियर डीएसओ एके आर्या, सीनियर डीएमई मुकेश कुमार, सीनियर डी ऑपरेशन संजीव कुमार, आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक बख्तियारपुर ज्योत्सना कुमारी, उदय कुमार सिंह सहित अन्य उपस्थित थे।