उत्तर प्रदेश पटना

राजगीर: भाजपा का दो दिवसीय प्रांतीय प्रशिक्षण शिविर शुरू


  • बिहार में एनडीए एकजुट कोई खटास नहीं : संजय जायसवाल
  • गरीब का बेटा नरेंद्र मोदी गरीबों के लिए कर रहा है काम

                                  -: डॉ- कौशलेन्द्र:-

राजगीर। भाजपा का दोदिवसीय प्रदेश प्रशिक्षक प्रशिक्षण वर्ग राजगीर में शुरू हो गया। इस प्रशिक्षण वर्ग में प्रदेश और देश के कई प्रमुख लोगों ने हिस्सा लिया। शिविर में प्रांतीय पदाधिकारियों के साथ-साथ जिलाध्यक्षों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। प्रशिक्षण का शुभारंभ झंडोत्तोलन के साथ हुआ। बाद में दीप प्रज्वलित कर प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन किया गया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ॰ संजय जायसवाल, राष्ट्रीय महामंत्री सह बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व केंद्रीय मंत्री राधा मोहन सिंह, बिहार भाजपा के संगठन महामंत्री नागेंद्र जी, सह प्रभारी हरिश द्विवेदी आदि लोगों ने उद्घाटन सत्र में शिरकत की। इस शिविर में प्रदेश भाजपा के 120 पदाधिकारी तथा विभिन्न जिला संगठन के 46 जिलाध्यक्षों ने हिस्सा लिया।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ॰ संजय कुमार जायसवाल ने कहा कि गरीब का बेटा गरीबों की सोच के साथ काम कर रहा है और देश का विकास कर रहा है। देश नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तेजी से विकास की ओर अग्रसर है। लाइन ऑफ कंट्रोल पर भी सारी बाधाओं को दूर करने का काम हो रहा है। नरेंद्र मोदी की सरकार सबका साथ सबका विकास के फॉर्मूले पर काम कर रही है। श्री जायसवाल उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बिहार में एनडीए एकजुट है और हमारी सरकार मजबूत है। ना हमारे बीच कोई खटास है और ना हीं किसी का कोई दाल गलने वाली है। ऑल इज वेल है। उन्होंने यह भी कहा कि जल्द ही बिहार सरकार के मंत्रीमंडल का विस्तार होगा। सभी घटकों को साथ जोड़ कर बिहार का विकास किया जा रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मोदी सरकार में देश में आत्मनिर्भरता बढ़ी है। लोगों का जीवन स्तर सुधरा है। इस प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य कार्यकर्ताओं में कार्य करने के स्तर का विकास करना है। जमीनी स्तर पर काम करना है। नरेंद्र मोदी जी के मिशन को आगे बढ़ाना है। लोगों से मिलना है। सरकार द्वारा किये जा रहे कार्यों को बताना है।

आये हुए अतिथियों का स्वागत विधायक डॉ॰ सुनील कुमार ने किया और उन्हें मोमेंटो देकर सम्मानित किया। इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएस संतोष, सह संगठन मंत्री शिवनारायण प्रसाद, कार्यक्रम प्रभारी मृत्युंजय झा, उपाध्यक्ष राजेश वर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष व पूर्व विधायक राजीव रंजन, अजय कुमार यादव, देवेश कुमार, सुशील चौधरी, भाजपा के जिला प्रभारी नवीन केशरी, नालंदा जिलाध्यक्ष रामसागर सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष ई॰ रविशंकर प्रसाद, जिला उपाध्यक्ष सुधीर सिंह आदि लोग मौजूद थे।