News TOP STORIES नयी दिल्ली पटना बिहार राष्ट्रीय

राजद विधायक का नीतीश पर हमला


पटना,  राजद के बागी विधायक सुधाकर सिंह (Sudhakar Singh) ने सोमवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) पर एक बार फिर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि 2005 में उनके सत्ता में आने के बाद से राज्य पिछड़ गया है। पटना में विधानमंडल के बजट सत्र (Bihar Budget Session) की शुरुआत से पहले सुधाकर सिंह ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि नीतीश कुमार के सत्ता में आने के बाद बिहार विकास के सभी पैमाने पर पिछड़ गया है।

सुधाकर सिंह ने कहा नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार ठीक से नहीं चल रही है। सरकार न ही मंडी कानून बनाने के पक्ष में है। न हर खेत तक पानी पहुंचाने के पक्ष में है। न ही शिक्षा व्यवस्था को ठीक करना चाहती है। नीतीश कुमार केवल पद पर बने रहना चाहते हैं। उनके पास एकसूत्रीय एजेंडा है। सुधाकर सिंह ने कहा कि जदयू लोकतांत्रिक पार्टी नहीं है। तेजस्वी यादव बिहार के लिए उपयुक्त मुख्यमंत्री हैं।

हमारे लिए तेजस्वी सीएम के दावेदार- राजद विधायक

राजद विधायक ने कहा कि देश में मोदी जी का विकल्प नहीं हो सकता। नीतीश कुमार के प्रधानमंत्री बनने से अच्छा है कि राष्ट्रपति शासन आ जाए। सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार को सीएम पद से हटा देना चाहिए। उन्हें बदल देना चाहिए। तेजस्वी यादव हमारे लिए मुख्यमंत्री के दावेदार हैं। हमारा वोट हमेशा से उनके लिए रहा है। हालांकि, पार्टी के सदस्य तय करेंगे कि नीतीश कुमार का उत्तराधिकारी कौन होगा। सुधाकर सिंह ने कहा कि जदयू सत्तालोभियों का झुंड है।

नीतीश के खिलाफ बोलकर मंत्री पद से हटे

बता दें कि राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के बेटे और राजद विधायक सुधाकर सिंह को नीतीश कुमार के खिलाफ तीखे हमले के कारण कैबिनेट से पद से इस्तीफा देना पड़ा था। हालांकि, इसके बाद भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ उनकी आक्रामकता खत्म नहीं हुई और उन्होंने अपनी बयानबाजी जारी रखी। इसके बाद राजद की तरफ से उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया था। खुद तेजस्वी यादव उन्हें कई बार आगाह कर चुके हैं।