Latest News नयी दिल्ली राजस्थान

राजस्थान के दो दिन के दौरे पर रहेंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, सविंधान पार्क का करेंगी उद्घाटन


जयपुर । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज से राजस्थान के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगी। जहां वह कई परियोजनाओं की शुरूआत करने के साथ साथ कई समारोह में भी भाग लेंगी। राष्ट्रपति सचिवालय के एक अधिकारिक बयान के मुताबिक द्रौपदी मुर्मू जयपुर के राजभवन में संविधान पार्क का उद्घाटन भी करेंगी। इसके अलावा वह वर्चुअली मोड में राजस्थान में सौर ऊर्जा क्षेत्रों के लिए ट्रांसमिशन सिस्टम का शुभारंभ करेंगी। साथ ही मुर्मू 1 हजार मेगावाट की बीकानेर सौर ऊर्जा परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगी।

संविधान पार्क की खास बातें

जेडीए ने राजभवन परिसर में 8 करोड़ 16 लाख रुपए की लागत से बेहद खूबसूरत संविधान उघान बनाया है। इस उघान में संविधान के गठन में योगदान देने वाले भारत देश के कई महापुरुषों की प्रतिमाएं और शिलालेखों को दर्शाया गया है। तो वहीं उघान में महात्मा गांधी, महाराणा प्रताप और राजस्थान कला संस्कृति की झलकियां भी पेश की गई हैं। ये संविधान पार्क सप्ताह में दो दिन के लिए आम लोगों के लिए खुला रहेगा। बता दें कि पार्क में सभी के लिए एंट्री फ्री रहेगी। संविधान पार्क में प्रवेश करते ही सबसे पहले गोल्डन ब्लेक कलर का स्कल्पचर नजर आएगा। ब्लेक बैकग्राउंट पर गोल्डन कलर में ‘कॉंस्टिट्युशन ऑफ इंडिया’लिखा हुआ है और साथ में अशोक स्तंभ को भी उकेरा गया है। इसके चारों ओर गोल्डन कलर में फुलवारी बनाई गई है जिसमें अलग अलग फुलों के साथ कमल के फूल भी नजर आ रहे हैं।

आदिवासी समुदाय से मुलाकात करेंगी राष्ट्रपति

द्रौपदी मुर्मू राजभवन में कथौड़ी एवं सहरिया आदिवासी समूहों के साथ मुलाकात भी करेंगी। इसके अलावा वह उसी शाम को माउंट आबू में ब्रम्हा कुमारियों के द्वारा आयोजित किए गए Rise Rising India Through Spritual Empowernment (आध्यात्मिक सशक्तिकरण के माध्यम से बढ़ते भारत का उदय) पर एक राष्ट्रीय अभियान के शुभारंभ की शोभा भी बढ़ाएंगी।

विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी द्रौपदी मुर्मू

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राजस्थान के दो दिवसीय दौरे के बीच विभिन्न कार्यक्रमों की शुरूआत करने के साथ- साथ विभिन्न प्रकार के समारोह में शामिल हो कर कार्यक्रम में चार चांद लगाएंगी। वह ब्रम्हा कुमारिस साइलेंस रिट्रीट सेंटर, सिंकदराबाद, तेलंगाना की भी वर्चुअली उद्घाटन करेंगी। साथ ही वह मध्य प्रदेश के इंदौर में ब्रम्हा कुमारिस ऑडिटोरियम और अध्यात्मिक आर्ट गैलरी की भी आधारशिला रखेंगी। वह 4 जनवरी 2023 को राजस्थान के पाली में भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के 18 वें राष्ट्रीय जंबोरे के उद्घाटन की शोभा भी बढ़ाएंगी।