News TOP STORIES नयी दिल्ली राजस्थान राष्ट्रीय

राजस्थान में 11 कैबिनेट और चार राज्य मंत्रियों ने ली शपथ


  • जयपुर, । राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र ने रविवार को 11 कैबिनेट और चार राज्यमंत्रियों को शपथ दिलाई। हेमाराम चौधरी, महेंद्रजीत सिंह मा​लविया, रामलाल जाट, महेश जोशी, विश्वेंद्र सिंह, रमेश मीणा, ममता भूपेश, भजन लाल जाटव, टीकाराम जूली, गोविंद राम मेघवाल व शकुंतला रावत ने कैबिनेट मंत्री पद की शपथ ग्रहण की। वहीं, बृजेंद्र सिंह ओला, मुरारी लाल मीणा, राजेंद्र गुड्डा और जाहिदा खान ने राजस्थान के राज्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण की। राज्यपाल कलराज मिश्र ने इन्हें मंत्री पद की शपथ दिलाई। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी मौजूद रहे। इससे पहले कलराज मिश्र और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जयपुर में राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचे। वहीं, मंत्रिमंडल के पुर्नगठन के तहत नए मंत्रियों के शपथ लेने से पहले प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी विधायकों की बैठक हुई। मंत्रिमंडल में 15 नए मंत्रियों ने शपथ ली। मंत्रिमंडल विस्तार में 11 कैबिनेट मंत्री व चार राज्य मंत्री हैं। कैबिनेट में 12 नए चेहरे शामिल हुए हैं, जिसमें पांच चेहरे सचिन पायलट खेमे के हैं। इधर, कैबिनेट फेरबदल पर कांग्रेस विधायक शफिया जुबैर ने कहा कि महिलाओं को 33 फीसद आरक्षण नहीं मिला। वहीं, टीकाराम पर कांग्रेस में ही विरोध शुरू हो गया है।

अशोक गहलोत बोले, जो मंत्री नहीं बन पाए उनकी अहमियत कम नहीं हुई
इस बीच, अशोक गहलोत ने कहा जिन्हें कैबिनेट में शामिल नहीं किया जा सका, उनकी अहमियत कम नहीं हुई है। इधर, अशोक गहलोत ट्वीट में लिखा कि राजस्थान सरकार के मंत्री के रूप में शपथ लेने वाले सभी विधायकगणों को शुभकामनाएं। पिछले 35 महीने में हमारी सरकार ने प्रदेश को संवेदनशील, पारदर्शी व जवाबदेह सुशासन देने का कार्य किया है। तमाम विपरीत परिस्थितियों के बावजूद हमारी सरकार ने प्रदेश को विकास के पथ पर आगे बढ़ाया है।

गहलोत ने कहा कि हम सब एकजुटता के साथ कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी व राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की नीति, विचारधारा व कार्यक्रम को आम जनता तक लेकर जाएंगे व विकास के एजेंडे पर फिर 2023 के विधानसभा चुनाव को जीतकर पुन: राजस्थान में सरकार बनाएंगे। हमारे कार्यकाल में हुए विधानसभा उपचुनावों व स्थानीय निकायों के चुनाव में कांग्रेस पार्टी को जीत दिलाकर जनता ने हमारी सरकार के सुशासन पर मुहर लगाई है। हम सभी को आने वाले समय में भी जनता के इस विश्वास को बनाए रखने का है। इसके लिए पूरी मेहनत व समर्पण के साथ कार्य जारी रखना है।

सचिन पायलट ने कही ये बात

इस बीच, कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा कि नई कैबिनेट में चार दलित मंत्रियों को जगह दी गई है। हमारी पार्टी चाहती है कि दलित, उपेक्षित, पिछड़े लोगों का प्रतिनिधित्व हर जगह होना चाहिए। काफी समय से हमारी सरकार में दलितों का प्रतिनिधित्व नहीं था, अब भरपाई की है। आदिवासियों का भी प्रतिनिधित्व बढ़ाया गया।

मुश्किल से बनी सहमति

शनिवार शाम को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में गोविंद सिंह डोटासरा ने मंत्रियों के इस्तीफे दिए जाने का प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। एक दिन पहले शुक्रवार को ही कांग्रेस आलाकमान के निर्देश के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शिक्षामंत्री गोविंद सिंह डोटासरा, चिकित्सा मंत्री डा.रघु शर्मा और राजस्व मंत्री हरीश चौधरी के इस्तीफे स्वीकार कर लिए थे। संगठन के कार्य के चलते उक्त तीनों मंत्रियों ने इस्तीफे दिए थे। मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने वाले नामों को लेकर बड़ी मुश्किल से सहमति बनी है। शुक्रवार रात जयपुर पहुंचे पार्टी के प्रदेश प्रभारी अजय माकन और गहलोत के बीच शनिवार शाम तक चार बार बैठकें हुईं। अंतिम बैठक शनिवार शाम पांच बजे हुई, जिसमें मंत्री बनने वालों की सूची को अंतिम रूप दिया गया। सीएम ने मंत्रिमंडल की बैठक पहले शाम साढ़े पांच बजे बुलाई थी।

ये हैं कैबिनेट मंत्री

1. हेमाराम चौधरी

2. महेंद्रजीत सिंह मा​लविया

3. रामलाल जाट

4 महेश जोशी

5. टीकाराम जूली

6. गोविंद राम मेघवाल

7. शकुंतला रावत

8. विश्वेंद्र सिंह

9. रमेश मीणा

10 ममता भूपेश

11. भजन लाल जाटव

ये हैं राज्यमंत्री

1. बृजेंद्र सिंह ओला

2. मुरारी लाल मीणा

3. राजेंद्र गुड्डा

4. जाहिदा खान