Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

रामनाथ कोविन्‍द को उनके नए आवास छोड़ने गईं द्रौपदी मुर्मू, जानें अब किस बंगले में रहेंगे पूर्व राष्ट्रपति


नई दिल्ली, । द्रौपदी मुर्मू ने आज देश के 15वें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ ली। मुर्मू इसी के साथ देश की पहली आदिवासी महिला बन गईं हैं जो राष्ट्रपति बनीं। मुर्मू अब राष्ट्रपति भवन में रहेंगी जिसके बाद अब लोगों के मन में यह सवाल उठ रहा है कि पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द अब कहां रहेंगे। वैसे तो कार्यकाल खत्म होने के बाद कई राष्ट्रपति अपने निजी आवास में चले गए लेकिन कोविन्द को अब एक नया आवास मिला है।

12 जनपथ में नया आवास

बता दें कि कोविन्द का नया आवास 12 जनपथ स्थित बंगला है। यह बंगला कई बार सुर्खियों में रहा है। दरअसल यह बंगला पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के पास था जिसमें वह करीब तीन दशक तक रहे थे। इस बंगले के सुर्खियों में रहने की वजह यह थी कि रासवान के निधन के बाद उनके परिवार को कई बार नोटिस देने के बाद यह खाली कराया गया था। जिसपर उनके बेटे ने ऐतराज भी जताया था।

jagran

मुर्मू ने निभाई परंपरा

द्रौपदी मुर्मू ने आज राष्ट्रपति की शपथ लेने के बाद एक परंपरा को निभाया। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द को उनके आवास पर छोड़ा। वह 12 जनपथ पर कुछ देर उनके आवास पर रुकीं भी। बता दें कि यह परंपरा हर नया राष्ट्रपति निभाता है।

तीन दशक तक रामविलास पासवान इसी बंगले में रहे

बता दें कि रामविलास पासवान 2020 में अपनी मृत्यु से पहले तीन दशक तक 12 जनपथ में रहे थे। उनकी मृत्यु के बाद उनके बेटे चिराग पासवान ने अप्रैल में घर खाली कर दिया था। बंगला कोविन्द के लिए उनके सेवानिवृत्ति के बाद के घर के रूप में तैयार किया गया था। देश के सबसे प्रमुख दलित नेताओं में से एक, पासवान का अक्टूबर 2020 में 74 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वह 1989 से जनता दल से लेकर कांग्रेस और भाजपा तक विपरीत विचारधारा वाले दलों के नेतृत्व वाली केंद्र सरकारों में मंत्री रहे हैं।