Latest News मनोरंजन

रामायण के ‘रावण’ अरविंद त्रिवेदी ने दुनिया को कहा ‘अलविदा’,


  1. रामानंद सागर के सुपरहिट पौराणिक टीवी शो ‘रामायण’ में रावण का किरदार निभाने वाले अभिनेता अरविंद त्रिवेदी ने 82 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया है। मंगलवार देर रात उन्होंने कांदिवली में अपने आवास पर अंतिम सांस ली। रावण का किरदार निभाने वाले अरविंद त्रिवेदी को देश में काफी लोकप्रियता मिली थी।

अरविंद त्रिवेदी के भतीजे कौस्तुभ त्रिवेदी ने बताया कि अभिनेता लंबे समय से बीमार थे और उन्होंने उपनगर कांदिवली में अपने आवास पर रात दस बजे अंतिम सांस ली। कौस्तुभ ने कहा, ”उन्हें उम्र से संबंधित कई स्वास्थ्य समस्याएं थीं और वह स्वस्थ नहीं थे। वह पहले अस्पताल में भी भर्ती रहे और हाल में उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिली थी। उनका रात करीब 10 से साढ़े 10 बजे के करीब उनके आवास पर दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया।”

उनका अंतिम संस्कार आज कांदिवली के दहाणुकर वाड़ी श्मशान घाट पर किया गया। ”रामायण” में अरविंद त्रिवेदी के साथ काम कर रहे कलाकारों समेत कई हस्तियों ने सोशल मीडिया पर उनके निधन पर शोक जताया। इस पौराणिक धारावाहिक में सीता का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री दीपिका चिखलिया ने लिखा, ”उनके परिवार के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं हैं…वह एक बहुत अच्छे इंसान थे।”

‘रामायण’ में लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले अभिनेता सुनील लहरी ने कहा कि वह इस खबर से बहुत दुखी हैं क्योंकि उन्होंने एक प्रिय मित्र और एक शुभचिंतक खो दिया। उन्होंने कहा, ”यह हम सभी के लिए बहुत दुखद खबर है। हमारे प्रिय अरविंद भाई अब हमारे साथ नहीं रहे। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें…मैं निशब्द हूं। मैंने एक पिता तुल्य, मेरे मार्गदर्शक, शुभचिंतक और सज्जन व्यक्ति को खो दिया है।” अरिवंद त्रिवेदी 2002-2003 तक केंद्रीय फिल्म सत्यापन बोर्ड (सीबीएफसी) के अध्यक्ष भी रहे।