Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

Congress: भारत जोड़ो यात्रा से विरोधी बेचैन, कांग्रेस के करोड़ों कार्यकर्ताओं को मिली संजीवनी: खरगे


नई दिल्ली, । देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस का आज 138वां स्थापना दिवस है। इस मौके पर देश के विभिन्न हिस्सों में कांग्रेस कार्यकर्ता कार्यक्रमों का आयोजन कर रहे हैं। दिल्ली स्थित पार्टी दफ्तर में भी एक कार्यक्रम किया गया। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पार्टी के 138वें स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यालय पहुंचकर झंडा फहराया। इस दौरान कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

कांग्रेस ने तोड़ी दलितों, गरीबों की बेड़िया- खरगे

झंडा फहराने के बाद खरगे ने अपना संबोधन भी दिया। उन्होंने कहा कि आज भारत ने प्रगति की है क्योंकि कांग्रेस ने दलितों, गरीबों की बेड़ियों को तोड़ने का साहस किया है। लोकतंत्र को मजबूत रखने के लिए पंडित जवाहरलाल नेहरू ने अपने मंत्रिमंडल में 5 गैर-कांग्रेसी मंत्रियों को नियुक्त किया। यह सबको साथ लेकर चलने के सिद्धांत को दर्शाता है।

 

खरगे ने ये भी कहा कि हमें कांग्रेस पार्टी को समावेशी बनाने के लिए युवाओं, महिलाओं, वंचित तबकों और बुद्धिजीवियों को हमारे साथ जोड़ना होगा। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से देशभर में करोड़ों कार्यकर्ताओं को संजीवनी मिली है।

 

BJP और RSS के खिलाफ जारी रहेगी लड़ाई- अशोक गहलोत

वहीं, राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि आज कांग्रेस स्थापना दिवस है। 138 साल का लंबा सफर तय करके कांग्रेस यहां तक पहुंची है। भाजपा और आरएसएस के खिलाफ हमारी लड़ाई जारी रहेगी। ये संविधान की धज्जियां उड़ा रहे हैं, देश इसे बर्दाश्त नहीं करेगा। गहलोत ने आगे कहा कि कांग्रेस की नीति, सिद्धांत, कार्यक्रम अडिग हैं। संविधान की रक्षा करने में हम सक्षम हैं। राहुल गांधी ने लोगों से जुड़ने की बात कही है। हम आज संकल्प लेंगे कि आने वाले समय में कांग्रेस का हर नेता, कार्यकर्ता जनता के बीच जाएगा।