Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

राम रहीम को डेरा सच्चा सौदा के पूर्व प्रबंधक रणजीत सिंह हत्याकांड में सजा आज


  • पंचकूला, : डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को अब एक और मामले में सजा सुनाई जाएगी। यह मामला है वर्ष 2002 में हुई डेरे मैनेजर रणजीत सिंह की हत्या का, जिसमें ​बीते 8 अक्टूबर को सीबीआई की स्पेशल कोर्ट ने राम रहीम को दोषी ठहराया था। आज इसी कोर्ट में राम रहीम की सजा पर फैसला आएगा। ​राम रहीम समर्थकों के संभावित उत्पात व प्रदर्शनों को देखते हुए पंचकूला में कोर्ट के आस-पास धारा-144 लगा दी गई है। भारी पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, राम रहीम आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ही सीबीआई कोर्ट की सुनवाई में हिस्सा लेगा। वो अभी रोहतक की सुनारिया जेल में बंद है। उसे कई साल पहले दो अन्य मामलों में उम्रकैद की सजा हो चुकी है। जिसमें पहला मामला- साध्वियों से दुष्कर्म का है, वहीं दूसरा- रामचंद्र प्रजापति की हत्या का। अब रणजीत हत्याकांड ऐसा तीसरा केस है, जिसमें राम रहीम को सजा सुनाई जाएगी।

बता दें कि, रणजीत सिंह रामरहीम का ही करीबी हुआ करता था, लेकिन साल 2002 में बाबा के काले कारनामे उजागर होने के बाद उसने राम रहीम का डेरा छोड़ दिया था। तब राम रहीम को अपना भंडाफोड़ होने का भय सताने लगा था। इसलिए उसने तरह-तरह से रणजीत सिंह को अपने डेरे में बुलाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं आए। अंत में 10 जुलाई 2002 को रणजीत सिंह की हत्या की खबर आई।