News TOP STORIES उत्तर प्रदेश नयी दिल्ली राष्ट्रीय लखनऊ

राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द से मिले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ,


लखनऊ, । उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में भारतीय जनता पार्टी को प्रचंड बहुमत मिलने के बाद रविवार से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिन के दिल्ली के दौरे पर हैं। रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह व सहकारिता मंत्री अमित शाह तथा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद तथा केन्द्र सरकार के अन्य मंत्रियों से भेंट की। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से सीएम योगी आदित्यनाथ की भेंट के बाद आज ही उत्तर प्रदेश में नई सरकार के शपथ ग्रहण की तारीख तथा मंत्रिमंडल के सदस्य भी तय हो सकते हैं।

नई दिल्ली में अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान सोमवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द से भेंट की। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति भवन जाकर राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द से शिष्टाचार भेंट की। इसके बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट भी किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आपका मार्गदर्शन उत्तर प्रदेश के समग्र उत्थान में सदैव हितकारी रहा है। अपना बहुमूल्य समय प्रदान करने के लिए हृदय से आपका आभार माननीय राष्ट्रपति जी।

इससे पहले नई दिल्ली के प्रवास पर दूसरे दिन सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केन्द्रीय भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से उनके आवास पर जाकर भेंट की। इस दौरान गडकरी ने उत्तर प्रदेश में भाजपा की सफलता पर सीएम योगी आदित्यनाथ को बधाई दी और पुष्प गुच्छ देकर उनका स्वागत किया।

इनके बीच करीब 45 मिनट तक वार्ता हुई। नितिन गडकरी से मुलाकात करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राष्ट्रपति भवन के लिए रवाना हो गए। राष्ट्रपति से शिष्टाचार भेंट करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान तथा अनुराग ठाकुर से भी भेंट करेंगे। प्रधान उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के प्रभारी और ठाकुर सह प्रभारी थे।