पटना

राष्ट्रीय खेल दिवस पर बिहार के उप मुख्यमंत्री एवं खेलमंत्री के हाथों मुंगेर के छह दिव्यांग खिलाड़ी हुए सम्मानित


हवेली खड़गपुर (आससे)। रविवार को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर बिहार सरकार कला, संस्कृति एवं युवा विभाग द्वारा आयोजित बिहार खेल सम्मान 2021 से मुंगेर के छह दिव्यांग खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।

राष्ट्रीय दिव्यांग स्पोर्ट्स गेम कोच एवं टेकनिकल रेफरी हरिमोहन सिंह ने बताया कि बिहार के उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद एवं खेल मंत्री आलोक रंजन के द्वारा  प्रेमचंद रंगशाला, राजेन्द्र नगर पटना में  मुंगेर के छह दिव्यांग राष्ट्रीय खिलाड़ी जिनमें रायसर बड़ी विशहरी स्थान  मुंगेर के राष्ट्रीय सीनियर दिव्यांग एथलेटिक्स खिलाड़ी मिंकु कुमार झा, बेलदारी टोला दो नंबर गुमटी की दिव्यांग राष्ट्रीय महिला खिलाड़ी पूजा कुमारी, परहम की सीनियर राष्ट्रीय दिव्यांग महिला खिलाड़ी प्रेमलता कुमारी, नवटोलिया विंदवारा की मीरा कुमारी, मकससपुर के रवि कुमार, रायसर के सौरभ कुमार को बिहार खेल सम्मान 2021 से सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि ने मोमेंटो, प्रशस्तिपत्र एवं मेडल के अनुसार चेक देकर सम्मानित किए। हमारे मुंगेर जिले के लिए गर्व की बात है कि राष्ट्रीय स्तर पर हमारे दिव्यांग खिलाड़ी स्पोर्ट्स फील्ड में अपने जिला का नाम रौशन कर रहे हैं, अगर इनको सही प्रशिक्षण मिले तो अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहरा सकते हैं। हमारे नेतृव में जिले के कई दिव्यांग पुरुष एवं महिला खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर के पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में लगातार मेडल जीत रहे हैं।

इन सभी को सही सुविधा नहीं मिल पा रही है, अगर मिले तो और भी कई कृतिमान स्थापित करेंगे। हमारे दिव्यांग खिलाड़ी सालों भर इसके लिए जी तोड़ मेहनत करते हैं, आज वो जिले के सामान्य खिलाड़ियों को भी पीछे छोड़ दिए हैं। इन खिलाड़ियों ने 21 से 23 मार्च 2021 को पाटलिपुत्र कॉम्प्लेक्स कंकड़बाग पटना में आयोजित 17वीं नेशनल पारा गेम्स फॉर सेरेब्रल पाल्सी 2021 में मेडल जीते थे।

राष्ट्रीय खेल सम्मान के लिए चयनित होने पर मुंगेर पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष हरिमोहन सिंह, सचिव रामप्रीत चौधरी, मुंगेर सदर अनुमंडल डीपीजी एवं संकल्प साधना के अध्यक्ष सुजीत कुमार, कोषाध्यक्ष रामप्रीत चौधरी, कोच जितेन्द्र कुमार तांती, मदन कुमार, पंकज कुमार, दिवाकर कुमार एवं मालती कुमारी एवं संकल्प साधना, जनकल्याण शिव शक्ति हरिमोहन फाउंडेशन एवं मुंगेर जिला एसोसिएशन ऑफ पीडब्ल्यूडी के सदस्यों  ने हर्ष व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दी।