पटना

पूर्णिया के चित्रकार का नाम लिम्का बुक ऑफ रिकार्ड में दर्ज


पूर्व पीएम की बनायी थी विशालकाय पेंटिंग

पूर्णिया (आससे)। रंगों की दुनिया यानी कि चित्रकारी में बिहार की अपनी एक खास और अलग जगह है। मधुबनी पेंटिंग जहां दुनिया भर में बिहार का नाम चमका रहा है। वहीं पूर्णिया शहर का नाम भी अब चित्रकला जगत में छा गया है। पूर्णिया के चर्चित चित्रकार राजीव राज उर्फ राजीव रंजन की पेंटिंग ‘लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड’  में दर्ज की गई है। उनकी इस उपलब्धि पर परिवार ही नहीं बल्कि पूर्णिया के लोग भी काफी खुश हैं। राजीव राज ने कहा कि आगे वह सुर सम्राज्ञी भारत रत्न लता मंगेशकर की एक अद्वितीय पेंटिंग भी जल्द ही बनाने जा रहे हैं।

अपनी सफलता और कला के बारे में बात करते हुए राजीव राज ने कहा कि उन्होंने 3 और 4 दिसंबर 2018 में पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी की विश्व की सबसे बड़ी 1406 स्क्वायर फीट की फॉर विजन पेंटिंग महज 31 घंटे 17 मिनट में बनाई थी। इसे बनाकर उन्होंने विश्व रिकॉर्ड कायम किया था। इसके लिए पूर्व में उनका नाम इंटरनेशनल बुक, एशिया बुक और इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज हुआ था। अब 2020-22 की लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड में उनका नाम दर्ज किया गया है। इससे उनके घर में खुशी की लहर दौड़ गई है।

वहीं राजीव राज की मां शैल झा ने कहा कि उनका बेटा रत्न है। उन्हें उम्मीद है कि आगे ‘गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड’ में भी उनके बेटा का नाम दर्ज होगा। उन्होंने कहा कि जिस दिन उसने लगातार 31 घंटे तक बिना खाए पिए लगातार चित्रकारी कर वाजपेयी जी का फोर विजन पेंटिंग बनाया था उस दिन उनके आंखों में आंसू आ गए थे। आज उन्हें काफी खुशी है।

वही राजीव के भाई धीरज कुमार ने कहा कि राजीव राज में अनोखी प्रतिभा है। उनकी कोसी पेंटिंग की इससे पहले जापान के टोक्यो, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में भी प्रदर्शनी में लग चुकी है। इसके लिए उन्हें राधामोहन पुरस्कार समेत कई पुरस्कार मिले हैं। उम्मीद है उनका नाम ‘गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड’ में भी दर्ज होगा।