Latest News खेल

रुतुराज गायकवाड़ ने एक ओवर में लगाए 7 छक्के और रचा इतिहास, खेली नाबाद 220 रन की पारी


नई दिल्ली, । भारतीय क्रिकेट इतिहास में जो इससे पहले कभी नहीं हुआ था रुतुराज गायकवाड़ ने वो कमाल करके दिखा दिया। विजय हजारे ट्राफी 2022 के दूसरे क्वार्टर फाइनल मुकाबले में उन्होंने उत्तर प्रदेश के खिलाफ जबरदस्त बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 220 रन की पारी खेल डाली। इस पारी के दौरान उन्होंने 16 छक्के और 10 चौके लगाए जबकि 159 गेंदों का उन्होंने सामना किया। अपनी इस पारी में रितुराज गायकवाड़ ने एक ओवर में 7 छक्के लगाने का कमाल किया और इतिहास रच दिया। 

jagran

रुतुराज गायकवाड़ ने एक ओवर में लगाए 7 छक्के

रुतुराज गायकवाड़ ने उत्तर प्रदेश के खिलाफ पहली पारी के 49वें ओवर में शिवा सिंह की गेंद पर इतिहास रचते हुए उनके एक ओवर में 7 छक्के लगा दिए। लिस्ट ए क्रिकेट में एक ओवर में 7 छक्के लगाने वाले रुतुराज गायकवाड़ दुनिया के पहले बल्लेबाज बने। इसमें से एक नो गेंद पर उन्होंने लगाया था जो ओवर की पांचवीं गेंद थी। यानी इस ओवर में उन्होंने 43 रन जुटाए और अपने-आप में एक नायाब रिकार्ड है। लिस्ट ए क्रिकेट में ये रुतुराज का अब का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर भी रहा। इस मैच में उन्होंने अपने पहले 100 रन 109 गेंदों पर पूरे किए जबकि अगले 50 गेंदों पर उन्होंने 120 रन बना डाले। उनकी इस पारी के दम पर महाराष्ट्र ने 50 ओवर में 5 विकेट पर 330 रन बनाए।

रुतुराज गायकवाड़ के 7 छक्के-

पहली गेंद- छक्का

दूसरी गेंद- छक्का

तीसरी गेंद- छक्का

चौथी गेंद- छक्का

पांचवीं गेंद (नो बाल)- छक्का

पांचवीं गेंद- छक्का

छठी गेंद- छक्का

रुतुराज गायकवाड़ ने की रोहित शर्मा की बराबरी

लिस्ट ए क्रिकेट मैच की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकार्ड रोहित शर्मा के नाम पर दर्ज था, लेकिन अपनी नाबाद 220 रन की पारी में 16 छक्के लगाकर रुतुराज गायकवाड़ ने रोहित शर्मा की बराबरी कर ली। लिस्ट ए क्रिकेट की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में रुतुराज गायकवाड़ अब हिटमैन के साथ संयुक्त रूप से पहले नंबर पर आ गए।