पटना

रूपौली: भाजपा नेता सहित पांच लोगों की सड़क हादसे में मौत


रूपौली (पूर्णिया)(आससे)। टीकापट्टी मंडल उपाध्यक्ष भाजपा नेता धर्मेंद्र कुमार मंडल सहित ऑटो सवार पांच लोगों की मौत सड़क हादसे में हो गई। घटना के सम्बन्ध में परिजनों ने बताया कि शादी समारोह में शरीक होकर मृतक धर्मेंद्र कुमार मंडल पूर्णियाँ से वापस रविवार की देर रात अपने घर कोसकी पुर आ रहे थे। जहाँ राष्ट्रीय राजमार्ग 31 पर समेली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निकट अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आ गए और ऑटो लेकर सड़क पर पलट गए। जबकि पीछे आ रही एक ट्रक ने ऑटो सहित सवार को रौंदते हुए चिर निन्द्रा में सुला दिया। ऑटो रिक्शा का संचालन खुद मृतक धर्मेंद्र कुमार मंडल ही कर रहे थे।

घटना की सूचना पाकर पोठिया ओ पी पुलिस शवों को अपने कब्जे में लेकर अन्त्यपरीक्षण के लिए कटिहार मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। मृतक का शव अन्त्यपरीक्षण के बाद ज्यों ही गांव कोसकीपुर पहुंचा कि गांव में मरघटी सन्नाटा और घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो रहा था। जबकि उनकी धर्मपत्नी सरस्वती देवी वेसुध हो पड़ी थी।

रोते-बिलखते परिजन

बता दें कि मृतक धर्मेंद्र जी भाजपा के राजनीति में गत् 15 वर्षों से काफी सक्रिय भूमिका में थे। उनकी सक्रिय भूमिका के कारण पार्टी ने उन्हें टीकापट्टी मंडल उपाध्यक्ष पद पर बैठाया था।

मृतक भाजपा नेता अपने पीछे पांच भाई बहनों, माता,एक पुत्र विक्रम कुमार, शादीशुदा पुत्री और पत्नी सरस्वती देवी का भरा पूरा परिवार छोड़ असमय काल कल्वित हो ईश्वर के प्यारे हो गए। इनके निधन पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष सह् जिला परिषद अध्यक्ष क्रांति देवी, भाजपा मंडल अध्यक्ष अरविंद साह, महेश्वर साह, महामंत्री संजय गुप्ता, मनोज सिंह, कुन्दन मंडल, जदयू प्रखंड अध्यक्ष सुरेंद्र नारायण मंडल आदि ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए अपूरणीय क्षति बताया।