पटना

रूपौली: सड़क हादसे में एक की मौत, छः घायल


गमों का टूटा पहाड़, शादी समारोह से लौट रहे एक ही परिवार के सभी सदस्य आहत

रूपौली (पूर्णिया)(आससे)। जहाँ शादी की खुशियाँ मना कर लौट रहे थे परिजन और नाते रिश्तेदार वहीं सड़क हादसे की सूचना ने सबों को गमों में डूबाया। शनिवार की अहले सुबह रूपौली थाना क्षेत्र के  रूपौली-बिरौली राज्य उच्च पथ 65 ड्रैनेज पुल के निकट टीकापट्टी स्थित विवाह भवन से शादी समारोह से वापस मतैली गांव लौट रही ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। जिसमें एक ही परिवार के सभी सदस्य गम्भीर रूप से घायल हो गए। जबकि ऑटो चालक ऑटो छोड़कर मौके पर से फरार हो गया।

परिणाम स्वरूप अहले सुबह होने के कारण सभी घायल घटनास्थल पर लगभग घंटा भर तड़पता रहा। हादसे की शिकार मृतका बेवा ममता देवी बताई गई। मृतका ममता देवी को प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति की गम्भीरता को देखते हुए विशेष इलाज के लिए सदर अस्पताल पूर्णियां भेज दिया गया। जहाँ अस्पताल पहुंचने के बाद ही चिकित्सा पदाधिकारी ने मृत घोषित कर दिया।

मृतका ममता देवी अपने चचेरी ननद की शादी समारोह से खुशियाँ मना अन्य परिजनों के साथ वापस लौट रही थी। जहाँ नियति को कुछ और ही मंजूर था तथा खुशियां गम में चीख पुकार में परिणत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही रूपौली पुलिस घटनास्थल से ऑटो को अपने कब्जे में लेकर थाने ले आई।

पोस्टमार्टम के बाद मृतका का शव मतैली खेमचंद पंचायत के मतैली गांव पहुंचते ही घर में जहाँ कोहराम मच गया वहीं सम्पूर्ण गांव में मातमी मरघटी सन्नाटा पसर गया। ग्रामीणों ने  बताया कि मृतका के पति संतोष चौधरी लगभग 2 वर्ष पहले काल कल्वित हो चुके थे। जबकि ससुर मंगल चौधरी भी कुछेक माह पूर्व लापता हो चुके हैं। मृतका को दो पुत्र गोल्डन कुमार और गुड्डू कुमार है। जिसमें बड़ा लड़का गोल्डन कुमार प्राइवेट नौकरी के कारण घर से बाहर दिल्ली में रह कर परिवार का भरण पोषण करता है।

बता दें कि ऑटो में सवार सात लोग इस सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए। सभी घायलों को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल रूपौली पहुंचाया गया था। सड़क हादसे के शिकार घायलों में श्वेता देवी, सुकान्ति देवी, प्रियंका कुमारी, मुन्नी देवी, बिट्टू कुमार और सुगामणि देवी शामिल हैं। वहीं परिजनों ने बताया कि गम्भीर रूप से घायल मृतका की ननद प्रियंका कुमारी को महेंशखुंट के ससुराल वालों ने बेहतर इलाज के लिए नीजी अस्पताल में भर्ती कराया।