Latest News अन्तर्राष्ट्रीय

रूस ने दी अफगानिस्तान की तालिबान सरकार को मान्यता, दुनिया के अन्‍य देशों से की अपील


मास्को, । रूस ने अफगानिस्तान की तालिबानी सरकार को मान्यता देते हुए अंतरराष्ट्रीय समुदाय से काबुल में मौजूद नई सरकार को सक्रियता से सहयोग करने की अपील की है। रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने बताया कि रूस के विदेश मंत्रालय ने मास्को में भेजे गए पहले राजनयिक को मान्यता दे दी है। रूस की सरकारी समाचार एजेंसी इतरतास के अनुसार रूस पहला ऐसा देश बन गया है जिसने अफगानिस्तान को मान्यता दे दी है। रूस के विदेश मंत्रालय ने बताया है कि पिछले माह मास्को में तैनात हुए तालिबानी सरकार के पहले राजदूत को उनके देश ने मान्यता दे दी है। रूसी विदेश मंत्री लावरोव ने यह जानकारी अपने सहयोगी देशों चीन, ईरान, पाकिस्तान, ताजिकिस्तान, तुर्केमेनिस्तान और उज्बेकिस्तान से साझा की है।

रूसी विदेश मंत्री लावरोव ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से की अफगान सरकार को मान्यता देने की अपील

चीनी शहर तुनेक्सी में अफगानिस्तान के पड़ोसी देशों के तीसरे मंत्री स्तरीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मास्को की ही तरह तालिबान सरकार तेहरान, दोहा, ओस्लो और अंतालिया में भी अपने विदेशी साझीदारों से द्विपक्षीय और बहुपक्षीय स्तर पर संपर्क में रहती है। लावरोव ने कहा कि रूस ने महसूस किया है कि धीरे-धीरे अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने क्षेत्र के अन्य देशों के साथ आर्थिक सहयोग में सुधार किया है। इससे इस देश में रुचि बढ़ती है। इन संपर्कों से अफगानिस्तान के नए प्रशासन को अंतराष्ट्रीय मान्यता मिलने का रास्ता खुलता है।