Latest News अन्तर्राष्ट्रीय

रूस पर नए प्रतिबंध के लिए तैयार हुआ यूरोपीय संघ, यूक्रेन को और हथियारों की आपूर्ति जारी रखने पर भी जताई सहमति


न्यूयॉर्क रूस और यूक्रेन युद्ध के बीच यूरोपीय संघ (EU) ने मॉस्को को अलग-थलग कर दिया है। यूरोपीय संघ के मंत्रियों ने बुधवार को एक अनौपचारिक बैठक में रूस को टार्गेट करते हुए नए प्रतिबंध लगाए जाने पर सहमत जताई है। समाचार एजेंसी रायटर के अनुसार यूरोपी संघ के विदेश नीति की प्रमुख जोसेप बोरेल (Josep Borrell) ने कहा कि पुतिन द्वारा सेना के लामबंदी का आदेश देने के कुछ घंटे बाद यह निर्णय लिया गया है।

इसके साथ ही न्यूयॉर्क में पत्रकारों से बात करते हुए जोसेप बोरेल ने कहा कि 27 देशों ने नए क्षेत्रीय और व्यक्तिगत उपायों को लागू करने के लिए राजनीतिक निर्णय लिया है। साथ ही ईयू से जुड़े मंत्रियों ने युद्ध के बीच यूक्रेन को और हथियारों की आपूर्ति जारी रखने पर भी सहमति जताई है।

पुतिन यूक्रेन को नष्ट करने की कर रहे कोशिश

जोसेप बोरेल ने कहा कि रूसी राष्ट्रपति की घोषणा, जिसमें यूक्रेनी क्षेत्र के कब्जे के लिए कदम और रूस की रक्षा के लिए परमाणु हथियारों का उपयोग करने का खतरा शामिल है। यह उनकी घबराहट और हताशा को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट है कि पुतिन यूक्रेन को नष्ट करने की कोशिश कर रहे हैं।

पुतिन ने इन चार हिस्सों में जनमत संग्रह का दिया है आदेश

बता दें कि बुधवार को व्लादिमीर पुतिन ने रूस में 3 लाख रिजर्व सैनिकों को तैनात करने का आदेश दिया है। रूस यूक्रेन के डोनेत्स्क, लुहांस्क, खुरासान और जापोरिज्जिया को अपना हिस्सा बनाने की कोशिश कर रहा है। साथ ही पुतिन ने इन इलाकों में जनमत संग्रह कराने का आदेश दिया है।

गौरतलब है कि रूस और यूक्रेन युद्ध को सात महीने से ज्यादा का समय हो गया है। रूस यूक्रेन के कई हिस्सों पर अभी भी हमले जारी किए हुए है। इस बीच, एससीओ शिखर सम्मेलन में पीएम मोदी ने व्लादिमीर पुतिन से शांति का रास्ता अपनाने पर जोर दिया है।