पटना

रोहतास: 11 पुलिसकर्मियों की हत्या का अभियुक्त नक्सली 18 वर्ष बाद गिरफ्तार 


डालमियानगर (रोहतास)(आससे)। सन 2003 में नौहटा थाना क्षेत्र में पुलिस वाहन को विस्फोट से उड़ा कर 11 पुलिसकर्मियों की हत्या का आरोपी नक्सली संझावन चेरों को पुलिस ने  यदुनाथपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक आशीष भारती ने अपने कार्यालय कक्ष में पत्रकारों को बताया कि नोहटा थाना कांड संख्या 36/03 का अभियुक्त नक्सली 18 वर्षों से फरार चल रहा था। इसने अपने साथियों के साथ मिलकर पुलिस वाहन को विस्फोट से उड़ा कर 11 पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी थी। गुप्त सूचना के आधार पर एसडीपीओ डेहरी के नेतृत्व में टीम का गठन कर इसे यदुनाथपुर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया है।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए नक्सली पर बिहार के रोहतास के अलावा उत्तर प्रदेश के रॉबर्ट्सगंज में भी 186/ 12 कांड संख्या दर्ज है। उन्होंने कहा कि इसकी गिरफ्तारी से नक्सलियों का मनोबल गिरेगा जनता सुरक्षित महसूस करेगी। उन्होंने कहा कि टीम में शामिल पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत किया जा रहा है। वहीं सासाराम अनुमंडल क्षेत्र में हुई लूट कांड में पुलिस ने सीता बीघा से गोगा उर्फ आयुष कुमार को एक देशी कट्टा के साथ गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त की निशानदेही पर सासाराम क्षेत्र से लूटे गए बोलेरो वाहन को संजौली थाना क्षेत्र से बरामद कर लिया गया। दरिगांव थाना क्षेत्र में गत दिनों टमाटर लदे बोलेरो वाहन लूट कांड में भी इसने अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उन्होंने कहा कि सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र में एक महिला की चेंन छीनने की बात भी स्वीकार की है। उन्होंने कहा कि इसके आपराधिक इतिहास को खंगाला जा रहा है।