Latest News पटना बिहार

ललन सिंह बने जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष, बैठक में हुआ फैसला


  • जेडीयू सांसद ललन सिंह को कार्यकारिणी की बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया। यह फैसला जनता दल यूनाइटेड की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में लिया गया। इससे पहले आरसीपी सिंह ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद से अपना इस्तीफा दिया।

जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में बड़ा फैसला लिया गया। पार्टी के सांसद राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह को शनिवार को कार्यकारिणी की बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया।

ललन सिंह ने आरसीपी सिंह की जगह ली है। आरसीपी सिंह ने केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार में मंत्री बनने के बाद जद(यू) अध्यक्ष पद से हटने की पेशकश की थी। बिहार में मुंगेर लोकसभा क्षेत्र से सांसद ललन सिंह बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विश्वासपात्र माने जाते हैं।

नीतीश कुमार की मौजूदगी में आरसीपी सिंह ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद से अपना इस्तीफा दिया। जिसके बाद पार्टी नेताओं ने ललन सिंह को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना। इस बैठक में पार्टी के सांसद और कई राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष भी मौजूद रहे।