News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

लोकतंत्र और संस्थाओं के खिलाफ पेगासस का उपयोग ‘राजद्रोह’, गृह मंत्री दें इस्तीफा : राहुल गांधी


  • कांग्रेस, द्रमुक और शिवसेना के सांसदों ने गांधी जी की मूर्ति के पास पेगासस मुद्दे को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। विपक्ष इस मसले को लेकर केंद्र सरकार पर हमलावर हैं। इस बीच कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को इजरायली स्पाइवेयर पेगासस का उपयोग करके भारत के कई प्रमुख व्यक्तियों की कथित तौर पर जासूसी किए जाने को ‘राजद्रोह’ करार दिया।

गृह मंत्री अमित शाह को देना चाहिए इस्तीफा

उन्होंने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह को इस्तीफा देना चाहिए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भूमिका की उच्चतम न्यायालय की निगरानी में जांच होनी चाहिए। उन्होंने यह दावा भी किया कि पेगासस का उपयोग ‘भारतीय राज्य और संस्थाओं’ के खिलाफ किया गया तथा यह जनता की आवाज पर आक्रमण है।

प्रधानमंत्री और गृह मंत्री ने भारत के संस्थाओं और लोकतंत्र के खिलाफ पेगासस का उपयोग किया

राहुल गांधी ने संसद भवन के निकट विजय चौक पर संवाददाताओं से कहा, ”पेगासस एक हथियार है जिसका उपयोग आतंकवादियों और अपराधियों के खिलाफ किया जाता है। हमारे प्रधानमंत्री और गृह मंत्री ने भारत के संस्थाओं और लोकतंत्र के खिलाफ इसका उपयोग किया। मेरा फोन टैप किया। यह मेरी निजता का मामला नहीं है। मैं विपक्ष का एक नेता हूं और मैं जनता की आवाज उठाता हूं। यह जनता की आवाज पर आक्रमण है।”

राफेल मामले की जांच रोकने के लिए पेगासस का उपयोग किया गया

उन्होंने दावा किया, ”राफेल मामले की जांच रोकने के लिए पेगासस का उपयोग किया गया। नरेंद्र मोदी जी ने इस हाथियार का उपयोग हमारे देश के खिलाफ किया। इसके लिए सिर्फ एक शब्द है ‘राजद्रोह’।” राहुल गांधी ने कहा, ”गृह मंत्री को इस्तीफा देना चाहिए और नरेंद्र मोदी की भूमिका उच्चतम न्यायालय की निगरानी में न्यायिक जांच होनी चाहिए क्योंकि इसके उपयोग का आदेश प्रधानमंत्री और गृह मंत्री ही दे सकते हैं।” उन्होंने दावा किया कि उनके फोन को टैप किया गया है।