News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही 2 बजे तक के लिए स्थगित, रूस ने यूक्रेन पर तेज किए हवाई हमले


  1. युद्ध के 19वें दिन रूस ने यूक्रेन पर हवाई हमले तेज कर दिए हैं।
  2. संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण आज से शुरू हो गया है।
  3. उत्तर प्रदेश के कार्यवाहक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात की।

नई दिल्ली, । रूस और यूक्रेन युद्ध के 19वें दिन दोनों देशों के बीच आज फिर से वार्ता होगी। इस दौरान दोनों देशों के बीच युद्ध की वजह से पैदा हुए हालात के बारे में चर्चा हो सकती है। वहीं, संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण आज से शुरू हो गया है। इससे पहले बजट सत्र का पहला चरण 31 जनवरी को शुरू हुआ था, जो 11 फरवरी तक चला था। इस बार भी बजट सत्र में विपक्ष सरकार को कई मुद्दों पर घेर सकता है। इस बीच उत्तर प्रदेश के कार्यवाहक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात की। इससे पहले सीएम योगी ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से भी मुलाकात की थी। उधर, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पांच राज्यों के चुनाव की हार के बाद पार्टी का नेतृत्व छोड़ने की पेशकश की। हालांकि, पार्टी नेताओं ने सोनिया गांधी की इस पेशकश को ठुकरा दिया है।

  • एन बीरेन सिंह ने ली शपथ

    एन बीरेन सिंह ने आज 12वीं मणिपुर विधानसभा के सदस्य के रूप में शपथ ली।

  • केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर से मिले योगी आदित्यनाथ

    उत्तर प्रदेश के कार्यवाहक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के आवास पर उनसे मुलाकात की।

     


  • वेंकैया नायडू ने की सरकार की सराहना

     

    राज्यसभा चेयरमैन वेंकैया नायडू ने यूक्रेन में फंसे भारतीयों की निकासी के लिए चलाए गए अभियान के लिए सरकार की सराहना की। नायडू ने कहा कि यूक्रेन से बड़ी संख्या में भारतीय छात्रों को निकालने की आवश्यकता थी। यह एक बहुत ही चुनौतीपूर्ण कार्य था।

     


  • पीएम मोदी ने पेट्रोल और डीजल के दाम कम किए- हरदीप सिंह पुरी

     

    पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बताया कि पीएम मोदी ने ग्राहक को राहत देने के लिए 4 नवंबर 2021 को पेट्रोल और डीजल के दाम कम किए हैं और हमने और भी कदम उठाए। लेकिन 9 राज्यों ने इसके दाम कम नहीं किए।

     


  • 2 बजे तक के लिए स्थगित हुई लोकसभा की कार्यवाही

     

    लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित हो गई है।

     


  • राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित

     

    संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण की कार्यवाही आज से शुरू हो गई है। पहले दिन राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित हो गई है।

     


  • रूस की एयरस्ट्राइक में व्यक्ति की मौत

     

    रूसी सेना लगातार यूक्रेन पर हमले कर रही है। इसी बीच रूस की ओर से मायकोलाइव ओब्लास्ट के स्निहुरिवका शहर पर हवाई हमले किए गए। इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। जबकि पांच घरों को नुकसान हुआ है।