Latest News उत्तर प्रदेश बरेली राष्ट्रीय लखनऊ

लोकसभा चुनाव से पहले बागियों की हो रही घर वापसी, कुनबे को मजबूत करने में जुटी बीजेपी


बरेली। विधानसभा व निकाय चुनाव के दौरान भाजपा के कुनबे से निकलकर बाहर जाने वालों की वापसी शुरू हो गई है। लोकसभा चुनाव से पहले पार्टी अपने कुनबे को मजबूत करने में जुट गई है। लखनऊ में बुधवार को हुए कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह ने सभी का स्वागत किया। जिले से चार नेता अब पार्टी के साथ आ गए हैं।

 

भाजपा के लखनऊ स्थित कार्यालय में बुधवार को कार्यक्रम हुआ। इसमें भोजीपुरा के ब्लाक प्रमुख योगेश पटेल, फतेहगंज पश्चिमी की ब्लाक प्रमुख किरन यादव के देवर व सपा नेता सत्येंद्र यादव, फतेहगंज पूर्वी नगर पालिका के चेयरमैन संजय पाठक और नवाबगंज के जिला पंचायत सदस्य प्रवेंद्र गंगवार शामिल हुए। प्रदेश अध्यक्ष ने चारों का स्वागत किया।

योगेश पटेल और सत्येंद्र यादव का ऐसा रहा राजनीतिक सफर

भोजीपुरा के ब्लाक प्रमुख योगेश पटेल ने विधानसभा चुनाव में भाजपा से विधायकी लड़ने के लिए टिकट मांगा था, लेकिन उन्हें टिकट नहीं मिला। इस पर योगेश पटेल ने बसपा से चुनाव लड़ा। चुनाव के कुछ समय बाद ही वह भाजपा के कार्यक्रमों में दिखाई देने लगे। निकाय चुनाव में भी उन्होंने पार्टी का साथ दिया। सत्येंद्र यादव सपा में जिला महासचिव व उपाध्यक्ष रहे। उनकी पत्नी प्रीति यादव 2015 में ब्लाक प्रमुख रहीं।

संजय पाठक ने की है घर वापसी

वही, फतेहगंज पूर्वी संवाददाता के अनुसार नगर पालिका अध्यक्ष संजय पाठक को निकाय चुनाव में भाजपा से टिकट नहीं मिला था। इस पर उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ा और जीते। अब उन्होंने भी घर वापसी की है। आंवला जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह ने बताया कि संजय पाठक व उनके कुछ साथियों को निष्कासित कर दिया गया था। बुधवार को उन्होंने दोबारा कुनबे में शामिल कर लिया है।

उपमुख्यमंत्री ने किया स्वागत

जिलाध्यक्ष पवन शर्मा ने बताया कि लखनऊ में उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, केशव प्रसाद मौर्य व पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह ने सभी का स्वागत किया। नवाबगंज की जिला पंचायत सदस्य नीलम गंगवार खराब स्वास्थ्य के कारण नहीं पहुंच पाईं।