News TOP STORIES उत्तर प्रदेश नयी दिल्ली राष्ट्रीय लखनऊ वाराणसी

वाराणसी की आठ विधानसभा के लिए कांग्रेस की लिस्‍ट फाइनल,


वाराणसी, । पूर्वांचल में 27 सीटों की जारी लिस्‍ट के अनुसार वाराणसी से छह अन्‍य उम्‍मीदवार तय किए गए हैं। जबकि पूर्व में पिंडरा से अजय राय और रोहनिया से राजेश्‍वर पटेल का नाम पहले ही तय हो चुका था। गुरुवार की दोपहर जारी लिस्‍ट के अनुसार अजगरा (सु.) से आशा देवी, शिवपुर से गिरीश पांडेय, वाराणसी उत्‍तरी से गुलराना तबस्‍सुम, वाराणसी दक्षिणी से मुदिता कपूर, वाराणसी कैंट से राजेश मिश्रा, सेवापुरी से अंजू सिंह को टिकट पार्टी की ओर से दिया गया है। इस प्रकार वाराणसी की सभी आठ सीटों के नाम तय हो गए हैं। खास बात यह है कि इस बार पार्टी की ओर से आठ सीटों पर चार महिलाओं को टिकट दिया गया है।

महिला उम्‍मीदवारों में अजगरा (सु.) से आशा देवी, वाराणसी उत्‍तरी से गुलराना तबस्‍सुम, वाराणसी दक्षिणी से मुदिता कपूर और सेवापुरी से अंजू सिंह को टिकट कांग्रेस की ओर से दिया गया है। इस प्रकार वाराणसी जिले की आधी सीटों पर कांग्रेस की ओर से महिला उम्‍मीदवारों को चुनावी मैदान में उतारा गया है। वहीं कांग्रेस की ओर से जारी अन्‍य नामों में भी पुराने नेताओं को महत्‍व देते हुए उन्‍हें चुनावी समर के लिए अंतिम लिस्‍ट में शामिल किया गया है।

शहर दक्षिणी विधानसभा : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गौरव कपूर की पत्नी मुदिता कपूर को पार्टी ने शहर दक्षिणी से प्रत्याशी बनाया है। गौरव कपूर वर्ष 2011 में कांग्रेस पार्टी से जुड़े। वर्तमान में वह कांग्रेस रिसर्च टीम के चेयरमैन हैं। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के सबसे करीबी हैं। मुदिता कपूर पेशे से आर्किटेक्ट हैं। वह समाजसेवा में रुचि रखती हैं। इनके पति गौरव कपूर इवेंट मैनेजमेंट का काम करते हैं। इसके साथ ही इनका बनारस में डायमंड होटल है। संस्था कला प्रकाश के अशोक कपूर इनके पिता हैं।

शहर उत्तरी : सफीउर्रहमान अंसारी शहर उत्तरी से तीन बार के विधायक थे। एनडी तिवारी, वीर बहादुर सिंह के शासनकाल में राज्य मंत्री थे। इनके पुत्र अनीशु रहमान दो बार के पार्षद ( कमलगढहा ) रहे हैं। इनकी पत्नी गुलराना तबस्सुम को कांग्रेस ने अपना प्रत्याशी बनाया है। वर्तमान में इसी वार्ड से वह पार्षद भी हैं।

कैंट विधानसभा : डा. राजेश मिश्रा वाराणसी से पूर्व सांसद रहे हैं। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के बेहद करीब हैं। वर्ष 2017 के चुनाव में शहर दक्षिणी विधानसभा से चुनाव लड़े थे। इस बार उनको पार्टी ने कैंट विधानसभा से चुनाव लड़ाने का फैसला किया है।

शिवपुर विधानसभा : गिरिश चंद्र पांडेय, कोटवां गांव के रहने वाले हैं। वर्ष 2013 से 2016 तक ब्लाक कांग्रेस कमेटी चिरईगांव के ब्लाक अध्यक्ष थे। इसके बाद वर्ष 2017 से 2019 तक जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव थे। अभी हाल ही में जिला कांग्रेस की विस्तारित कमेटी में जिला उपाध्यक्ष बनाए गए थे। पेशे से अधिवक्ता हैं। जमीन के कारोबार से जुड़े हैं। पूर्व सांसद डा. राजेश मिश्रा के करीबी हैं। पार्टी ने इनको शिवपुर विधानसभा से अपना प्रत्याशी घोषित किया है।

चोलापुर : अजगरा विधानसभा में आशा देवी को अपने पार्टी का प्रत्याशी बनाया है, आशा देवी भेलखा (हरहुआ) वाराणसी के निवासी हैं, तथा ये वर्तमान समय में 10 वर्ष से हरहुआ ब्लॉक महिला कांग्रेस कमेटी की ब्लॉक अध्यक्ष हैं। इनके पति राजेंद्र पूर्व में कांग्रेस कमेटी के जिला सचिव रह चुके हैं। सन 2017 में राजेंद्रने कांग्रेस पार्टी से अजगरा विधानसभा की दावेदारी किया था, परंतु कांग्रेस व सपा गठबंधन के कारण इनको टिकट नहीं मिल सका, इस बार राजेंद्र को ही टिकट मिलने वाला था परंतु प्रियंका गांधी जी द्वारा 40% महिलाओं को टिकट देने के कारण राजेंद्र की पत्नी आशा देवी को कांग्रेस ने मैदान में उतारा है। आशा देवी स्नातक हैं।

सेवापुरी: कांग्रेस से सेवापुरी प्रत्याशी श्रीमती अंजू सिंह पत्नी आनंद सिंह रिंकू पूर्व जिला पंचायत सदस्य रह चुकी हैं। सेवापुरी सेक्टर नंबर 5 से इनके दादा जमुना सिंह अपने समय में कांग्रेस जिला कार्यकारिणी सचिव थे अंजू सिंह के पति आनंद सिंह रिंकू कांग्रेस जिला महासचिव है। अंजू सिंह की शिक्षा में स्‍नातक है।