रांची

विजय मसाल के साथ रामगढ़ में पांच दिनों तक होगा विजय उत्सव


विजय मसाल के साथ रामगढ़ में पांच दिनों तक होगा विजय उत्सव
परमवीर चक्र और महावीर चक्र विजेताओं के गांव से होकर गुजर रहा विजय मशाल
वर्ष 1971 के भारत-पाक युद्ध की विजय गाथा आज भी लोगों की जुबां पर है। उस युद्ध की 50 वीं वर्षगांठ के अवसर पर रामगढ़ में भी सेना के जवानों के द्वारा पांच दिवसीय स्वर्णिम विजय उत्सव समारोह का आयोजन किया गया है। 14 से 18 नवंबर तक यह विजय उत्सव रामगढ़ में मनाया जाएगा। इस बात की जानकारी पंजाब रेजिमेंटल सेंटर के डिप्टी कमांडेंट कर्नल कुमार रणविजय ने दी। शनिवार को उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि रविवार से रामगढ़ में पांच दिवसीय स्वर्णिम विजय उत्सव समारोह का आगाज होने जा रहा है। इस राष्ट्रव्यापी समारोह की शुरुआत 16 दिसंबर 2020 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की थी। उन्होंने दिल्ली में राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित कर देश के चारों दिशाओं के लिए विजय मसल रवाना किया था। विजय मसालों को देश की लंबाई एवं चौड़ाई के क्षेत्रफल के आधार पर पूरे देश में ले जाया जा रहा है। विजय मशाल 1971 के युद्ध के परमवीर एवं महावीर चक्र विजेताओं के गांवों से भी गुजारा जा रहा है। विजय मशाल उन क्षेत्रों में भी जाएगा जहां 1971 में युद्ध लड़े गए थे। वहां की पवित्र मिट्टी को राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर ले जाया जाएगा। विजय मशाल साइकिल टीम के नेतृत्व में रामगढ़ शहर के चारों तरफ गुजरेगी और उसके बाद 18 नवंबर को यह टीम गया के लिए प्रस्थान करेगी। रामगढ़ के वीर योद्धा एवं पूर्व सैनिक विजय समारोह में शामिल होंगे। डिप्टी कमांडेंट कर्नल कुमार रणविजय ने बताया कि इस दौरान पूर्व सैनिक और योद्धा अपने अनुभवों को भी साझा करेंगे। सैन्य बैंड का प्रदर्शन भी इस दौरान लोगों को देखने के लिए मिलेगा। साथ ही हथियारों की प्रदर्शनी का आयोजन भी युद्ध स्मारक स्थल पर किया जाएगा। डिप्टी कमांडेंट ने बताया कि 14 नवंबर को विजय मशाल का आगमन रामगढ़ में होगा। 15 नवंबर को सैन्य बैंड का प्रदर्शन शाम 5:00 बजे होगा। 16 नवंबर को गुरु नानक पब्लिक स्कूल, आर्मी पब्लिक स्कूल और होटल शिवम इन के सामने हथियारों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इस दौरान विजय मार्च भी निकाला जाएगा। 17 नवंबर को वीर योद्धा और नारी अपने अनुभवों को साझा करेंगे। 18 नवंबर को कार्यक्रम का समापन होगा और विजय मसाल के साथ पूरी टीम गया के लिए प्रस्थान करेगी।