News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

विपक्ष का हंगामा जारी, बैठक दिन भर के लिए स्थगित


  • नई दिल्ली। पेगासस जासूसी विवाद और तीन कृषि कानूनों सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर दोनों सदन में विपक्षी दलों के सदस्यों का हंगामा शुक्रवार को भी जारी रहा और संसद की कार्यवाही एक बार के स्थगन के बाद दोपहर बारह बज कर करीब दस मिनट पर पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गयी।

पेगासस जासूसी मामला, तीन केंद्रीय कृषि कानूनों और कुछ अन्य मुद्दों को लेकर विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण शुक्रवार को लोकसभा की कार्यवाही एक बार के स्थगन के बाद दोपहर करीब 12 बजकर 25 मिनट पर दिन भर के लिये स्थगित कर दी। विपक्षी सदस्यों की नारेबाजी के बीच ही सदन ने ‘कराधान विधि (संशोधन) विधेयक, 2021’ और ‘केंद्रीय विश्वविद्यालय (संशोधन) विधेयक, 2021’ को मंजूरी दी।

आज सुबह सदन की कार्यवाही शुरू होने पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने 76 वर्ष पहले जापान के शहर हिरोशिमा और नागासाकी पर परमाणु बम गिराये जाने की घटना का उल्लेख किया। बिरला ने कहा कि इस घटना में दोनों शहरों में हजारों लोगों की मृत्यु हो गई और सैकड़ों लोग पंगुता के शिकार हुए। इसके कारण हुए परमाणु विकिरण के दुष्प्रभाव से आज भी लोग प्रभावित हैं।

एक बार के स्थगन के बाद दोपहर 12 बजे उच्च सदन की बैठक शुरू होने पर भी सदन में हंगामा जारी रहा और विपक्षी दलों के सदस्य आसन के समीप आकर नारेबाजी करने लगे। कुछ सदस्यों के हाथों में तख्तियां भी थीं। पीठासीन अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह नागर ने हंगामे के बीच ही प्रश्नकाल चलाने का प्रयास किया। इस दौरान मंत्रियों ने कुछ पूरक सवालों के जवाब भी दिए।