Latest News महाराष्ट्र

शरद पवार का दावा- कई और विधायक होंगे सपा में शामिल,


मुंबई। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद पवार ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में इन दिनों सांप्रदायिक ध्रुवीकरण का काम चल रहा है। जनता इसका जवाब देगी। पवार ने कहा कि उनकी पार्टी गोवा, मणिपुर के अलावा उत्तर प्रदेश में भी अन्य दलों के साथ गठबंधन करके विधानसभा चुनाव लड़ेगी।

उत्तर प्रदेश में चल रहा है सांप्रदायिक ध्रुवीकरण का काम

राकांपा अध्यक्ष ने आज एक संवाददाता सम्मेलन में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एक बयान का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा है कि 80 फीसद हमारे साथ हैं, 20 फीसद नहीं। मैं उनसे पूछना चाहूंगा कि ये फीसद कौन लोग हैं ? पवार के अनुसार एक मुख्यमंत्री ऐसा नहीं कह सकता। सभी उनके होते हैं। 20 फीसद हमारे नहीं हैं, ऐसा कहना एक मुख्यमंत्री को शोभा नहीं देता। लेकिन उनकी विचारधारा ही ऐसी है, इसलिए उन्होंने ऐसा बयान दिया। अगर एकता को मजबूत करना है, तो सभी वर्गों को साथ लेकर चलना होगा। किसी को छोड़ना सही नहीं है। उत्तर प्रदेश की जनता इसका जवाब देगी। पवार के अनुसार अयोध्या के मामले में अदालत का निर्णय आया। जिसे हम सबने स्वीकार किया है। लेकिन अब नए-नए मुद्दे उछाले जा रहे हैं। सांप्रदायिक ध्रुवीकरण का काम चल रहा है। जनता इसका भी जवाब देगी।

गोवा में उनकी तृणमूल कांग्रेस एवं कांग्रेस के साथ चल रही है गठबंधन की बात

पवार ने कहा कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश, मणिपुर और गोवा में विभिन्न दलों से गठबंधन करके चुनाव लड़ेगी। उत्तर प्रदेश में उनकी पार्टी का गठबंधन समाजवादी पार्टी के साथ कुछ छोटे दलों से होगा। उत्तर प्रदेश में विधान परिषद के सदस्य रहे सिराज मेंहदी का आज राकांपा में स्वागत करते हुए शरद पवार ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कुछ पार्टियों को संगठित कर एक विकल्प देने की कोशिश होगी।