News TOP STORIES नयी दिल्ली महाराष्ट्र राजस्थान राष्ट्रीय लखनऊ

शशि थरूर आज नागपुर से अपना प्रचार अभियान करेंगे शुरू, दीक्षा भूमि का दौरा कर बाबासाहेब को देंगे श्रद्धांजलि


नागपुर, कांग्रेस सांसद शशि थरूर शनिवार को नागपुर के दीक्षाभूमि स्मारक का दौरा कर पार्टी अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए अपने अभियान की शुरुआत करेंगे। महाराष्ट्र कांग्रेस नेता आशीष देशमुख ने कहा कि थरूर शनिवार को दीक्षाभूमि पर अंबेडकर को श्रद्धांजलि देंगे। दीक्षाभूमि पर ही डॉ बी आर अंबेडकर ने अपने अनुयायियों के साथ 1956 में बौद्ध धर्म अपनाया था। देशमुख ने शशि थरूर के दौरे का आयोजन किया है।

66 वर्षीय थरूर ने शुक्रवार को दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल किया।

डॉ अंबेडकर को देंगे श्रद्धांजलि 

अपनी यात्रा के कार्यक्रम के अनुसार, थरूर शनिवार को शाम 4.50 बजे नागपुर हवाई अड्डे पर उतरेंगे। वहां से वह यहां दीक्षाभूमि के लिए रवाना होंगे जहां वह डॉ अंबेडकर को श्रद्धांजलि देंगे और बाद में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करेंगे।

रविवार को थरूर सुबह 9 बजे वर्धा स्थित महात्मा गांधी के सेवाग्राम आश्रम जाएंगे और बाद में पवनार में विनोबा भावे के आश्रम जाएंगे। वह दोपहर 12.45 बजे तक नागपुर लौटेंगे और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पार्टी की राज्य इकाई के सदस्यों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे।

 

थरूर कांग्रेस के लोकप्रिय सांसद – देशमुख

देशमुख ने कहा, ‘थरूर कांग्रेस के लोकप्रिय सांसद हैं जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश के लिए उल्लेखनीय काम किया है। कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव पार्टी में विकेंद्रीकरण के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है।’ देशमुख ने यह भी दावा किया कि 12 राज्यों में कांग्रेस के प्रतिनिधियों ने थरूर का खुलकर समर्थन किया है और उन्हें पूरे भारत के पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं का समर्थन मिल रहा है।

शुक्रवार को आखिरी दिन खड़गे, थरूर और त्रिपाठी ने नामांकन दाखिल किया। 17 अक्टूबर को होने वाले चुनाव में 9,100 से अधिक प्रतिनिधि वोट डालने के पात्र हैं। परिणाम 19 अक्टूबर को घोषित किया जाएगा।

कांग्रेस के G-23 समूह के सदस्य के रूप में, शशि थरूर ने पार्टी के संगठन और सभी स्तरों पर चुनावों में आमूल-चूल परिवर्तन का आह्वान किया।