Latest News नयी दिल्ली पंजाब राष्ट्रीय

मोहाली में PRTC, PUNBUS और पंजाब रोडवेज कर्मियों का प्रदर्शन, चंडीगढ़-खरड़ फ्लाईओवर जाम


मोहाली। मोहाली में पंजाब रोडवेज के कांट्रैक्ट कर्मचारी प्रदर्शन कर रहे हैं। पीआरटीसी, पनबस और पंजाब रोडवेज तीनों यूनियनों के कांट्रैक्ट कर्मचारी आउटसोर्स भर्ती के खिलाफ और कांट्रैक्ट कर्मियों को पक्का करने की मांग को लेकर चंडीगढ़-खरड़ हाईवे पर धरना दे रहे हैं। कर्मचारियों के प्रदर्शन की वजह से पूरा ट्रैफिफ जाम हो गया है। वाहनों की लंबी लाइनें लगी हुई हैं। सैकड़ों वाहन जाम में फंसे हुए हैं। इस वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इतना ही नहीं जो कोई इन प्रदर्शनकारियों से रोड से हटने की बात करता है उनके साथ प्रदर्शनकारी बहसबाजी कर रहे हैं। इस समय माहौल पूरी तरह से गर्म है। हालांकि मोहाली पुलिस प्रदर्शन के दौरान फ्लाईओवर पर मौजूद है, लेकिन प्रदर्शनकारी हटने के लिए राजी नहीं हैं।

तीनों यूनियनों के कांट्रैक्ट कर्मचारी सड़कों पर बैठकर धरना दे रहे हैं। वहीं इन्होंने बसों को बीच सड़क पर खड़ा कर दिया है। इस वजह से वाहनों की आवाजाही थम गई है। ऐसे में चंडीगढ़ से खरड़ की तरफ जाने वाले वाहन चालक खरड़ फ्लाईओवर से गुजरने में परहेज करें। क्योंकि यहां ट्रैफिक जाम की वजह से उन्हें परेशानी हो सकती है।

वहीं कांट्रैक्ट कर्मी अपनी मांगों को लेकर पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। कुछ प्रदर्शनकारी खरड़ के देसूमाजरा के पास पानी की टंकी पर चढ़ गए हैं। खरड़ थाना सदर थाना प्रभारी योगेश शर्मा, तहसीलदार जसकरण सिंह मौके पर पहुंचे हैं, जो प्रदर्शनकारियों से बात कर फ्लाईओवर से धरना हटाने के लिए कह रहे हैं।

यूनियन के सदस्यों का कहना है कि पंजाब सरकार ने कांट्रैक्ट कर्मियों को पक्का करने का वादा किया था, लेकिन अभी तक अपना वादा पूरा नहीं किया है। वहीं अभी भी आउटसोर्स पर भर्ती की जा रही है। इसका हम विरोध कर रहे हैं। पहले भी मैनेजमेंट के साथ हमारी मीटिंग हो चुकी है। बैठकों में कई बार चर्चा हो चुकी है कि आउटसोर्स भर्ती नहीं की जाएगी। बावजूद यह भर्ती हो रही है। इसके विरोध में आज तीनों यूनियन के कांट्रैक्ट कर्मचारी खरड़ और जालंधर के पीएपी चौक पर धरना दे रहे हैं।