Latest News महाराष्ट्र

शिवसेना ने साधा निशाना, कहा- देश नेहरू-गांधी की बनाई गई व्यवस्था के ही सहारे


  • महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा है। शिवसेना नेता ने कहा कि गरीब देश अपने-अपने तरीके से इस महामारी के दौरान भारत की मदद कर रहे हैं तो वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 हजार करोड़ रुपये की सेंट्रल विस्टा परियोजना का काम बंद करने के लिए तैयार नहीं हैं। उन्होंने कहा कि नेहरू-गांधी की वजह से देश कठिन समय में लड़ पा रहा है। उऩका कहना है कि पंडित जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी और मनमोहन सिंह समेत पूर्व प्रधानमंत्रियों द्वारा पिछले 70 वर्ष में बनाई गई व्यवस्था ने देश को कठिन समय से पार पाने में मदद की है जिसका सामना वह आज कर रहा है।

शिवसेना ने अपने मुखपत्र ‘सामना’ के एक संपादकीय में कहा है, ”देश साफ तौर पर, भारत नेहरू-गांधी की ओर से बनाई गई व्यवस्था के सहारे है। कई गरीब देश भारत को मदद की पेशकश कर रहे हैं। इससे पहले, पाकिस्तान, रवांडा और कॉन्गो जैसे देश दूसरों से मदद लेते थे लेकिन आज के शासकों की गलत नीतियों के कारण देश इस स्थिति से गुजर रहा है।”

शिवसेना ने इस बात पर आश्चर्य जताया कि किसी को भी इस बात का अफसोस नहीं है कि एक तरफ हमारा देश बांग्लादेश, श्रीलंका और भूटान जैसे देशों से मदद स्वीकार कर रहा है तो दूसरी तरफ मोदी नए संसद भवन और प्रधानमंत्री आवास के निर्माण रोकने को तैयार नहीं हैं। दुनिया कोरोना महामारी की दूसरी लहर से लड़ रहा है और विशेषज्ञों का अनुमान है कि तीसरी लहर और खतरनाक हो सकती है लेकिन सत्तारूढ़ भाजपा को आज भी बस पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी को कैसे भी घेरने की पड़ी है।