Latest News नयी दिल्ली बिजनेस राष्ट्रीय

शुरुआती तेजी के बाद कमजोर हुआ बाजार, मजबूत बिकवाली के बाद लिवाली का जोर


मुंबई, : एशियाई बाजारों में मजबूती के रुख के बाद मंगलवार को इक्विटी बेंचमार्क ने सकारात्मक रुख के साथ कारोबार शुरू किया। पहले कारोबारी सत्र बीतते ही बाजार ने शुरुआती बढ़त छोड़ दी और मुनाफावसूली के बीच सूचकांकों में गिरावट आने लगी। आज बाजार खुलते ही 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 404.21 अंक उछलकर 60,970.63 पर पहुंच गया था। इसी तरह, व्यापक एनएसई निफ्टी 119.45 अंक चढ़कर 18,134.05 पर पहुंच गया।

पहले घंटा बीतने के बाद बीएसई बेंचमार्क ने अपनी बढ़त को खो दिया। खबर लिखे जाने तक यह 74.9 अंकों की गिरावट के साथ 60,491.52 पर कारोबार कर रहा था, जबकि निफ्टी 15.10 अंकों की गिरावट के साथ 17,999.50 पर था।

टॉप लूजर्स और गेनर्स

सेंसेक्स पैक से टाटा मोटर्स, टाटा स्टील, पावर ग्रिड, टाइटन, एशियन पेंट्स, कोटक महिंद्रा बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट और बजाज फाइनेंस गेनर्स में शामिल रहे। बजाज फिनसर्व, आईटीसी, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टेक महिंद्रा, इंडसइंड बैंक और भारती एयरटेल पिछड़ गए।

दुनिया के बाजारों का हाल

एशिया में सियोल, टोक्यो और शंघाई के बाजार हरे रंग में कारोबार कर रहे थे। अमेरिका में सोमवार को बाजार बंद थे। बीएसई बेंचमार्क सोमवार को 721.13 अंक या 1.20 प्रतिशत की तेजी के साथ 60,566.42 पर बंद हुआ। निफ्टी 207.80 अंक या 1.17 फीसदी की बढ़त के साथ 18,014.60 पर बंद हुआ। अंतरराष्ट्रीय तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.67 प्रतिशत चढ़कर 84.48 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। एक्सचेंज के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 497.65 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।