उत्तर प्रदेश पटना

शेखपुरा: पैक्स एवं व्यापार मंडलों का अधिकारियों ने किया निरीक्षण


शेखपुरा (आससे)। जिलाधिकारी इनायत खान के आदेश पर पैक्स एवं व्यापार मंडलों का अधिकारियों द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। इस संबंध में जानकारी देते हुए नव पदस्थापित जिला सहकारिता पदाधिकारी अमित कुमार ने बताया कि लगातार धान अधिप्राप्ति की सुगमता एवं पारदर्शिता के साथ किसानों का धान विक्रय के लिए लगातार छापामारी की जा रही है। विभिन्न प्रखंडों में स्थित पैक्सों और व्यापार मंडलों पर लगातार निरीक्षण किया जा रहा है।

जिला सहकारिता पदाधिकारी ने बताया कि विभिन्न पंचायतों में पदस्थापित किसान सलाहकारों के द्वारा इच्छुक किसानों की सूची प्राप्त  की गई है। अरीयरी प्रखंड में 783, बरबीघा में 423, चेवाड़ा में 28, घाटकुसुंभा में 207, शेखपुरा में 341, शेखोपुर सराय में 280 अर्थात जिले में कुल 2062 किसानों की सूची प्राप्त कर ली गई है। प्राप्त सूची के अनुसार जिले में अब तक 2062 इच्छुक किसानों से 19015.70 मीट्रिक टन धान विक्रय की सूची प्राप्त हुई है।

जिला सहकारिता पदाधिकारी अमित कुमार ने बताया कि अरियरी प्रखंड से 442.50 एमटी, बरबीघा से 323.80 एमटी, चेवाड़ा से 88 एमटी, घाट कोसुम्भा से 73.40 एमटी, शेखपुरा से 169.10 एमटी, शेखोपुरसराय से 366.90 एमटी अर्थात कुल 1463.80 मिट्रिक टन धान की अधिप्राप्ति अब तक हो चुकी है। अभी तक जिले में 827 किसानों से 7599.35 एमटी धान का क्रय किया जा चुका है। दिनांक 08 जनवरी 2021 तक जिले के 552 किसानों को धान अधिप्राप्ति होने के पश्चात उनके बैंक खातों में 97233945.00 रुपए की राशि स्थानांतरित कर दी गई है।