News TOP STORIES नयी दिल्ली पंजाब राष्ट्रीय

संतोख सिंह चौधरी के परिवार से मिलने पहुंचे राहुल गांधी


जालंधर, । कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने जालंधर से पार्टी सांसद संतोख सिंह चौधरी के परिवार से मुलाकात की। 77 वर्षीय सांसद आज इस यात्रा में शामिल हुए थे। अचानक यात्रा के दौरान इनकी तबीयत बिगड़ गई और ये बेहोश हो गए। इसके बाद तुरंत एंबुलेंस बुलाकर इन्हें फगवारा के अस्पताल में भर्ती किया गया, लेकिन यहां इलाज के दौरान इन्होंने अपना दम तोड़ दिया।

एक दिन के लिए यात्रा को किया गया स्थगित

डॉक्टरों ने बताया कि इनको दिल का दौरा पड़ा था। इसके बाद आज के लिए यात्रा को स्थगित कर दिया गया है और रविवार को जालंधर में राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस को भी रद्द कर दिया गया है। बताया जा रहा है अब यह यात्रा कल उनके अंतिम संस्कार के बाद ही शुरू की जाएगी। शोक व्यक्त करते हुए राहुल गांधी ने एक ट्वीट में कहा, “संतोख सिंह चौधरी के आकस्मिक निधन से स्तब्ध हूं। वह एक जमीन से जुड़े मेहनती नेता, एक धर्मपरायण व्यक्ति और कांग्रेस परिवार के एक मजबूत स्तंभ थे, जिन्होंने युवा कांग्रेस से लेकर संसद सदस्य तक अपना पूरा जीवन जनसेवा के लिए समर्पित कर दिया। मैं शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।”

पंजाब कांग्रेस के प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वारिंग ने कहा कि सांसद का अंतिम संस्कार रविवार को किया जाएगा और तब तक यात्रा स्थगित रहेगी। “पंजाब कांग्रेस प्रमुख ने संवाददाताओं से कहा, “यात्रा आज के लिए निलंबित है, अंतिम संस्कार कल होगा। मैंने अभी तक राहुल गांधी से बात नहीं की है, लेकिन हम सभी को लगता है कि अंतिम संस्कार के बाद यात्रा फिर से शुरू होनी चाहिए। जब ​​तक अंतिम संस्कार स्थगित नहीं किया जाता है तब तक यह निलंबित रहेगी।”

कई नेताओं ने शोक व्यक्ति किया

जालंधर के सांसद के निधन पर पार्टी के नेताओं ने शोक व्यक्त किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्विटर पर कहा, “सांसद संतोख सिंह चौधरी जी के निधन से दुख हुआ। उन्हें पंजाब के लोगों की सेवा करने के उनके प्रयासों के लिए याद किया जाएगा। उनके परिवार और समर्थकों के प्रति संवेदना। ओम शांति।”

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने संतोख सिंह चौधरी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि चौधरी का निधन संगठन के लिए एक बड़ा झटका है। उन्होंने अपने ट्विटर पर पोस्ट शेयर करते हुए कहा, “सांसद संतोख सिंह चौधरी के आकस्मिक निधन से काफी हैरान और दुखी हूं। उनका चले जाना पार्टी के लिए एक बड़ा झटका है। उनके परिवार और परिजनों को मेरी संवेदनाएं हैं। भगवान उनकी आतमा को शांति दें।”

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा, “जालंधर से कांग्रेस के सांसद संतोख सिंह चौधरी के असामयिक निधन से मुझे गहरा दुख हुआ है। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।” पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने सांसद के निधन पर दुख जताया। उन्होंने ट्वीट में कहा, “आज दिल का दौरा पड़ने से सांसद संतोख सिंह चौधरी जी के आकस्मिक निधन के बारे में सुनकर अत्यंत दुख हुआ। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके पूरे परिवार के साथ हैं। वाहेगुरु जी दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।”

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शोक व्यक्त करते हुए कहा, ‘जालंधर से लोकसभा सांसद संतोख सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करता हूं। अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में वे हमेशा जनहित के मुद्दों उठाते रहे हैं। सदन में अनुशासन उनकी व्यक्तित्व की सबसे खास विशेषता थी। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें। परिवार के सदस्यों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।”

शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने ट्विटर पर कहा, “जालंधर के सांसद संतोख चौधरी जी के निधन के बारे में जानकर दुख हुआ। उनके बेटे विक्रमजीत सिंह चौधरी, परिवार और अनुयायियों के प्रति मेरी संवेदनाएं। गुरुसाहब उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।” आपको बताते चलें, संतोख सिंह चौधरी के बेटे विक्रमजीत सिंह चौधरी फिल्लौर निर्वाचन क्षेत्र से मौजूदा विधायक हैं।