News TOP STORIES अन्तर्राष्ट्रीय उत्तर प्रदेश नयी दिल्ली राष्ट्रीय लखनऊ

संसद की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित, जम्मू-कश्मीर में NIA ने कई जगह मारे छापे


नई दिल्ली, । रूस और यूक्रेन युद्ध को आज 43वां दिन है। युद्ध के डेढ़ महीने के बाद भी दोनों देशों के बीच सुलह नहीं हो पाई है। इसी बीच अमेरिका ने रूस के राष्ट्रपति की बेटियों के खिलाफ एक्शन लिया है। व्हाइट हाउस ने रूस पर नए प्रतिबंधों की घोषणा की है। जिसमें रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की दो बेटियों पर पहली बार व्यक्तिगत प्रतिबंध लगाए गए हैं। वहीं, रूस को संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद (यूएनएचआरसी) से निलंबित करने के लिए अमेरिकी प्रस्ताव पर संयुक्त राष्ट्र महासभा में गुरुवार को मतदान हो सकता है। साथ ही संसद का बजट सत्र अपने पूर्व निर्धारित समय से एक दिन पहले गुरुवार को संपन्न हो गया है। संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण में लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई है।

  • एयरपोर्ट अथारिटी को सौंपी गई अयोध्या एयरपोर्ट की जमीन

    अयोध्या में श्री राम एयरपोर्ट की जमीन भारतीय विमानपत्तन को सौंपी गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम इंटरनेशनल एयरपोर्ट की जमीन का हस्तांतरण हुआ। इस अवसर पर सीएम योगी ने कहा कि देश के अंदर विगत 5 वर्ष में बेहतरीन वायु सेवा की कनेक्टिविटी के लिए किसी राज्य ने अच्छी प्रगति की है तो उसमें से उत्तर प्रदेश एक है। ये प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन से संभव हो पाया है।

  • मनीष सिसोदिया ने भाजपा पर हमला बोला

     

    दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा हिमाचल प्रदेश में जयराम ठाकुर को हटाकर अनुराग ठाकुर को मुख्यमंत्री बनाना चाहती है। भाजपा को उनकी नाकामी याद आ गई है और उन्हें पता चल गया है कि CM जयराम ने जनता लिए कुछ नहीं किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा चेहरे बदल लेगी। लेकिन साढ़े चार साल जो जनता की उम्मीदों को तोड़ा गया है अब जनता भाजपा को याद नहीं करने वाली है। जनता अब केजरीवाल जी को मौका देना चाहती है।

  • बारामूला में राष्ट्रीय जांच एजेंसी की छापेमारी जारी

     

    जम्मू और कश्मीर के बारामूला में राष्ट्रीय जांच एजेंसी द्वारा कई स्थानों पर छापेमारी चल रही है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी का कहना है कि आतंकवादी गतिविधियों से जुड़े एक मामले के सिलसिले में आज जम्मू-कश्मीर में कई स्थानों पर छापे मारे गए हैं।

  • गजेंद्र सिंह शेखावत ने राज्य सरकार पर उठाए सवाल

     

    केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि करौली दंगे के बाद जो FIR दर्ज हुई उसमें स्पष्ट है कि ये पहले से योजना बनाकर किया गया। अब जांच का विषय है कि इसमें सरकार, पुलिस और प्रशासन का कितना दबाव था कि ऐसी गतिविधियों को रोका नहीं गया।

  • टीआरएस नेता के कविता ने की केंद्र सरकार से अपील

     

    टीआरएस एमएलसी के कविता ने कहा कि धान की खरीद शून्य है, हम तेलंगाना के किसानों के लिए केंद्र के समर्थन की मांग करते हैं। एफसीआई के पास उचित खरीद नीति नहीं है। हम एफसीआई से वार्षिक कैलेंडर जारी करने का अनुरोध करते हैं, ताकि राज्य किसानों को फसल बोने का निर्देश दे सकें और एक समान खरीद हो।

  • श्रीनगर में कांग्रेस का विरोध-प्रदर्शन

     

    जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।

  • राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए। सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने में जिनकी भूमिका है या जो रोकने में असफल रहे, उन्हें जिम्मेदार ठहराना चाहिए। भविष्य में ऐसा न हो इसके पुख़्ता इंतजाम करने चाहिए।
  • लाउडस्पीकर विवाद पर बोले संजय राउत

     

    लाउडस्पीकर के मुद्दे पर शिवसेना नेता संजय राउत का कहना है कि महाराष्ट्र के गृह मंत्री ने एक नोटिस जारी किया है। जिसमें कहा गया है कि अजान देते वक्त डेसिबल का स्तर कितना होना चाहिए।

  • अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हुई राज्यसभा की कार्यवाही

     

    राज्यसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई है।

  • जम्मू और कश्मीर में NIA ने कई जगह मारे छापे

     

    राष्ट्रीय जांच एजेंसी का कहना है कि आतंकवादी गतिविधियों से जुड़े एक मामले के सिलसिले में आज जम्मू-कश्मीर में कई स्थानों पर छापे मारे गए हैं।

  • लोकसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित

     

    संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण में लोकसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई है।

  • छत का एक हिस्सा गिरने से 60 वर्षीय मजदूर की मौत

     

    मुंबई पुलिस के मुताबिक, जेजे अस्पताल परिसर में मेट्रोन बिल्डिंग के निर्माण के दौरान छत का एक हिस्सा गिरने से एक 60 वर्षीय मजदूर की मृत्यु हो गई है। जबकि 2 अन्य मज़दूर घायल हो गए हैं। जेजे मार्ग पुलिस स्टेशन में ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

  • मस्जिदों में लाउडस्पीकर विवाद पर बोले मुख्तार अब्बास

     

    कर्नाटक में मस्जिदों में लाउडस्पीकर से संबंधित मुद्दे पर केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने बयान दिया। उन्होंने कहा कि ध्वनि प्रदूषण को लेकर नियम भी है, कानून भी हैं। इसपर किसी भी तरह का कम्युनल पेंट करने की जरूरत नहीं है। जो नियम हैं, कानून हैं, उनको सब को मानना चाहिए।

  • बीरभूम हिंसा पर सुनवाई हुई शुरू

     

    कलकत्ता उच्च न्यायालय में बीरभूम हिंसा पर सुनवाई शुरू हो गई है। CBI ने इस मामले में स्टेटस रिपोर्ट कोर्ट में सौंप दी है।

  • आंध्र प्रदेश के सीएम ने सौंपी इस्तीफा देने वाले मंत्रियों की लिस्ट

     

    आंध्र प्रदेश के सीएम वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने आज इस्तीफा देने वाले मंत्रियों की अंतिम सूची राज्यपाल को सौंप दी है। सूत्रों के मुताबिक, मंत्रियों के आज ही इस्तीफा देने की संभावना है।


  • भारत में 24 घंटे में गई 43 लोगों की जान

     

    भारत में पिछले 24 घंटों में COVID-19 के 1,033 नए मामले सामने आए हैं। जबकि 1,222 लोग ठीक हो गए हैं और 43 लोगों की मौत हुई है।

  • NDRF के वार्षिक सम्मेलन में बोले गृह मंत्री अमित शाह

     

    NDRF के वार्षिक सम्मेलन को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि तकनीक और विज्ञान के कारण आज सूचाएं हमें मिल जाती है, वैसी स्थिति नहीं है कि अचानक हमें जानकारी मिलती है। हमें समय के पहले सूचनाएं मिलती है। जिस प्रकार की आपदा आने वाली है वहां लोगों को सजग करना जैसे काम पहले किए जाते हैं। पूरी खबर यहां क्लिक कर पढ़ें।

  • महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने दी जानकारी

     

    COVID19 के नए XE वैरिएंट के बारे में महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग अभी XE वैरिएंट को लेकर किसी भी नतीजे पर नहीं पहुंचा है, क्योंकि अभी तक नेशनल इंस्टीट्यूट आफ बायोलाजिकल की रिपोर्ट नहीं आई है, इसलिए किसी को घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा XE वैरिएंट ओमिक्रोन की तुलना में 10% अधिक संक्रामक है, जो फ्लू की तरह है। रिपोर्ट मिलने के बाद हम इसके बारे में विस्तार से बात करेंगे। केंद्र या एनआईबी से पुष्टिकरण रिपोर्ट नहीं मिली है, इसलिए महाराष्ट्र का स्वास्थ्य विभाग इसकी पुष्टि नहीं करता है।

  • आंध्र प्रदेश कैबिनेट के कई मंत्री देंगे इस्तीफा

     

    सूत्रों के मुताबिक, आंध्र प्रदेश कैबिनेट के कई मंत्री 9 या 11 अप्रैल को इस्तीफा दे सकते हैं। इन नामों की अंतिम सूची आज राज्यपाल को भेजी जाएगी। वर्तमान कैबिनेट से केवल 4 मंत्री पद पर बने रहेंगे।

  • अखिलेश के बयान पर केशव प्रसाद ने साधा निशाना

     

    यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि अखिलेश जी को एक आरोपी पर खुलेआम टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। वह पूर्व सीएम हैं। हमारे सुरक्षाकर्मियों ने उसे आतंकवादी संगठनों से जुड़े होने के बाद अपनी जान जोखिम में डालकर पकड़ लिया। उनका बयान निंदनीय है। अखिलेश यादव ने 2013 के आतंकी हमलों के मामले वापस ले लिए थे। गोरखनाथ मंदिर पर हमला सामान्य नहीं है। मैं आतंकवादियों का मनोबल बढ़ाने के उनके प्रयासों की निंदा करता हूं।

  • रूस-यूक्रेन युद्ध पर बोले भारत में सर्बिया के राजदूत

     

    रूस-यूक्रेन युद्ध पर भारत में सर्बिया के राजदूत सिनिसा पाविक ने बयान दिया। उन्होंने कहा कि वहां दर्दनाक स्थिति है। दोनों देशों (रूस और यूक्रेन) के साथ हमारा बहुत पुराना ऐतिहासिक संबंध है। हमें उम्मीद है कि एक समाधान के तहत युद्ध समाप्त होगा।

  • AAP में शामिल होंगे कांग्रेस के पूर्व नेता निर्मल सिंह

     

    हरियाणा कांग्रेस के पूर्व नेता निर्मल सिंह आज दोपहर आम आदमी पार्टी में शामिल होंगे। बता दें कि उन्होंने कांग्रेस छोड़ने के बाद हरियाणा डेमोक्रेटिक फ्रंट की स्थापना की थी।

  • केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक आज शाम होगी

     

    केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक आज शाम 7 बजे लोक कल्याण मार्ग पर होगी। इसके अलावा आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) की आज शाम बैठक होगी।

     


  • बिहार विधान परिषद चुनाव की मतगणना जारी

     

    बिहार विधान परिषद (MLC) चुनाव 2022 की मतगणना जारी है। पटना के आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय मतगणना केंद्र पर मतगणना हो रही है।

  • ‘योग उत्सव’ समारोह में शामिल हुए जी किशन रेड्डी

     

    लाल किले पर आयोजित हुए योग उत्सव समारोह में केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि योग सभी के लिए फायदेमंद है, इसका रोजाना अभ्यास करना जरूरी है। न केवल भारत, बल्कि ईसाई, इस्लामिक सहित अन्य देश इसके महत्व को इस्लामिक समझ चुके हैं और आज इसे मना रहे हैं।

  • अर्जुन राम मेघवाल ने गहलोत सरकार पर साधा निशाना

     

    करौली में हुई हिंसक घटना पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने गहलोत सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस सरकार की तुष्टीकरण की नीति का ये परिणाम है। भारतीय संस्कृति में भारतीय नववर्ष मनाने की परंपरा रही है। करौली में भी इसी तरह का एक कार्यक्रम हुआ और तुष्टीकरण की नीति के कारण इतनी बड़ी घटना हुई।

  • मोटर साइकिल रैली को DG बीएसएफ ने दिखाई हरी झंडी

     

    दिल्ली में बीएसएफ वीर प्रहरी मोटर साइकिल रैली को DG बीएसएफ पंकज कुमार सिंह ने नेशनल पुलिस मेमोरियल में झंडी दिखाकर रवाना किया। DG ने कहा आज़ादी के अमृत महोत्सव के तहत इसका आयोजन हुआ है। 1,415 किलोमीटर तक ये रैली निकाली जा रही है।

  • जल्द खुलेगी मुगल रोड

     

    जम्मू और कश्मीर के राजौरी में बर्फ हटाने का काम लगभग पूरा होने वाला है। इंजीनियर रियाज अहमद ने बताया कि बर्फ हटाने के बाद जल्द ही ऐतिहासिक मुगल रोड को फिर से खोला जाएगा। हमें उम्मीद है कि सतह की सफाई का काम पूरा होने के एक सप्ताह के भीतर सड़क फिर से खुल जाएगी।

  • छावला बलात्कार मामले में होगी सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई

     

    दिल्ली के छावला में 9 फरवरी 2012 को 19 साल की युवती के साथ बलात्कार केस में आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। इस केस में तीनों दोषियों राहुल, रवि और विनोद को निचली अदालत ने 2014 में मौत की सजा सुनाई थी। जिस पर हाईकोर्ट भी मुहर लगा चुकी है। सभी दोषियों ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी, जिस पर आज सुनवाई होगी।


  • बीरभूम हिंसा पर स्टेटस रिपोर्ट पेश करेगी CBI

     

    बीरभूम हिंसा की जांच कर रही CBI आज कोलकाता हाईकोर्ट में स्टेटस रिपोर्ट पेश करेगी। 22 मार्च को बीरभूम के रामपुरहाट के बोगटुई गांव में आठ महिलाओं और बच्चों को जिंदा जलाकर मार दिया गया था। यह घटना एक दिन पहले तृणमूल नेता भादू शेख की हत्या का बदला लेने के लिए अंजाम दी गई थी।

  • पेरू में भीड़ ने किया पुलिस पर पथराव

     

    ईंधन की बढ़ती कीमतों के विरोध में सैकड़ों प्रदर्शनकारियों ने पेरू के तटीय क्षेत्र इका में पुलिस पर पथराव किया। इस दौरान भीड़ ने सड़कों को जाम कर दिया। राष्ट्रपति पेड्रो कैस्टिलो द्वारा राष्ट्रव्यापी प्रदर्शनों को रोकने के उद्देश्य से लीमा में कर्फ्यू समाप्त करने के एक दिन बाद ये हिंसा हुई है।

  • अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को सफलतापूर्वक मनाएंगे- सर्बानंद सोनोवाल

     

    केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि सभी के सहयोग से आज योग उत्सव मनाया गया है। आज से 75 दिन का काउंटडाउन शुरू हुआ है, 21 जून को हम अंतरराष्ट्रीय योग दिवस सफलतापूर्वक मनाए। भारत सरकार के सभी मंत्रालय साथ मिलकर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को सफल बनाने में लगे हैं।

  • लोकसभा अध्यक्ष ने दी विश्व स्वास्थ्य दिवस की बधाई

     

    योग उत्सव समारोह में शामिल होने के बाद लोकसभा के अध्यक्ष ओम बिरला ने मीडिया से बातचीत की। उन्होंने विश्व स्वास्थ्य दिवस पर सभी को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि हम पूरे विश्व के स्वस्थ होने की कामना करते हैं। योग हमारी प्राचीनत्म जीवन पद्धति है। योग से तन-मन स्वस्थ हो, निरोगी काया हो। इसके लिए आज योग अभ्यास रखा है।

  • योग उत्सव समाह में शामिल हुए लोकसभा अध्यक्ष

     

    लोकसभा के अध्यक्ष ओम बिरला और केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल लाल किले में आयोजित योग उत्सव समारोह में शामिल हुए।

  • रक्षा उपकरणों के स्वदेशीकरण की तीसरी सूची होगी जारी

     

    रक्षा निर्माण में आत्मनिर्भरता हासिल करने के लिए एक उपलब्धि के तौर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह गुरुवार को तीसरी सूची जारी करेंगे। जिसमें वे प्रमुख उपकरण व प्रणालियों के नाम शामिल होंगे। जिनका दिसंबर 2025 तक पूरी तरह से स्वदेशीकरण कर लिया जाएगा।

    सुरक्षाबलों-आतंकियों के बीच मुठभेड़ जारी

     

    जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले के हरिपोरा इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ चल रही। दोनों ओर से गोलीबारी का सिलसिला जारी है। इलाके में दो से तीन आतंकियों के घिरे होने की संभावना जताई जा रही है।

  • IGL ने फिर बढ़ाई CNG की कीमत

     

    इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने दिल्ली में CNG की कीमत 2.5 रुपए प्रति किलोग्राम बढ़ाकर 69.11 रुपए प्रति किलोग्राम कर दी है। वहीं, गाज़ियाबाद, नोएडा और ग्रेटर नोएडा में CNG की कीमत 71.67 रुपये प्रति किलोग्राम कर दी गई है। गुरुग्राम में कीमत 77.44 रुपये प्रति किलोग्राम की गई है।


  • प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों को दी विश्व स्वास्थ्य दिवस की बधाई

     

    प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों को विश्व स्वास्थ्य दिवस की बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा सभी को अच्छे स्वास्थ्य और कल्याण का आशीर्वाद मिले। आज का दिन स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त करने का भी है।

  • आस्ट्रेलिया के व्यापार, पर्यटन मंत्री डैन तेहान का बयान

     

    सिडनी के UNSW में आस्ट्रेलिया के व्यापार, पर्यटन और निवेश मंत्री डैन तेहान ने बयान दिया। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत महत्वपूर्ण है कि हम आस्ट्रेलिया में भारतीय छात्रों को शिक्षित करें और इसका उपयोग दो देशों के बीच शिक्षा संबंधों को विकसित करने के लिए एक आधार के रूप में भी करें।

     

  • सिडनी के UNSW में बोले केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल

     

    सिडनी के UNSW में केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बहुत सारे अच्छे काम जो शोधकर्ता करते हैं, उन्हें उस तरह के पैमाने और संचालन का अवसर नहीं मिलता है इसलिए दोनों देशों के बीच साझेदारी वास्तव में आस्ट्रेलिया और भारत के जीवन को बदल सकती है। मेरा मानना ​​है कि इस तरह की साझेदारियां दुनिया के लिए महत्वपूर्ण हैं क्योंकि हम आस्ट्रेलिया और भारत के बीच अपनी रणनीतिक भागीदारी बढ़ाते हैं। शिक्षा दोनों देशों के बीच एक ब्रिज का काम करेगी, यह हमेशा हमारी साझेदारी का एक महत्वपूर्ण तत्व रहा है।

  • झंडेवालान मंदिर में छठे दिन की गई आरती

     

    चैत्र नवरात्रि के छठे दिन दिल्ली के झंडेवालान मंदिर में सुबह की आरती की गई।

  • पुतिन की दो बेटियों पर लगाए गए प्रतिबंध

     

    व्हाइट हाउस ने रूस पर नए प्रतिबंधों की घोषणा की है। जिसमें रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की दो बेटियों पर पहली बार व्यक्तिगत प्रतिबंध लगाए गए हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा हमारा मानना ​​है कि पुतिन की कई संपत्ति उनके परिवार के सदस्यों के पास छिपी हुई है। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव जेन साकी ने कहा हमने समय के साथ एक पैटर्न देखा है कि राष्ट्रपति पुतिन और रूसी कुलीन वर्ग अपने परिवार के सदस्यों के बैंक खातों में संपत्ति और संसाधन जमा करते हैं और ये उन संपत्तियों को प्राप्त करने का एक प्रयास था।

  • श्रीलंका के पूर्व क्रिकेटर सनथ जयसूर्या ने चिंता जताई

     

    श्रीलंका के मौजूदा हालात पर श्रीलंका के पूर्व क्रिकेटर सनथ जयसूर्या ने चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि लोग इस स्थिति से गुज़र रहे हैं। वे इस तरह जीवित नहीं रह सकते और विरोध करना शुरू कर दिया है। गैस की किल्लत है और घंटों बिजली की आपूर्ति नहीं है। लोगों ने अब श्रीलंकाई सरकार के खिलाफ विरोध करना शुरू कर दिया है। वे सरकार को दिखा रहे हैं कि वे पीड़ित हैं। यदि संबंधित लोग इसे ठीक से संबोधित नहीं करते हैं, तो यह एक आपदा में बदल जाएगा। फिलहाल इसकी ज़िम्मेदारी वर्तमान सरकार की होगी।