News TOP STORIES नयी दिल्ली पंजाब राष्ट्रीय

सतनाम नगर गोलीकांडः लारेंस बिश्नाेई के गुर्गे रुड़कां की हत्या करने वाले औलख से NIA करेगी पूछताछ


जालंधर। सूर्या एनक्लेव के पास सतनाम नगर में गाड़ी खड़ी करने के मामूली से विवाद के बाद लारेंस बिश्नोई के साथी सोनू रुड़कां की गोली मारकर हत्या करने वाले यूनाइटेड ड्राइवर यूनियन यूनियन के पंजाब प्रधान गुरमीत सिंह औलख से एनआइए भी पूछताछ कर सकती है। सोनू उस समय चर्चा में आया था जब उसने प्राणपुर में वीवा कोलाज के पास पंचायत अफसर जसविंदर सिंह के 24 वर्षीय बेटे तलविंदर सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी। उस समय सामने आया था कि सोनू रुड़कां लारेंस बिश्नोई का करीबी है। अब उसकी तस्वीरें लारेंस बिश्नोई के साथ इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुई हैं। इसके बाद पुलिस प्रशासन में भी हड़कंप मच गया है।

सोमवार रात काे हुई थी सोनू रुड़का की हत्या

बताया जा रहा है कि एनआइए किसी भी वक्त घटनास्थल पर पहुंच सकती है और पुलिस कस्टडी में बैठे गुरमीत सिंह औलख से पूछताछ भी कर सकती है। सोमवार रात यूनियन के प्रधान गुरमीत सिंह औलख मामूली से विवाद के बाद रविंदर कुमार उर्फ सोनू रुड़का निवासी पतिगांवकी, रुड़का कला की गोली मारकर हत्या कर दी थी। सोनू अपने दोस्त बलजिंदर को मिलने के लिए उसके घर आया हुआ था। बलजिंदर गुरमीत सिंह औलख का चचेरा भाई है।

गाड़ी टकराने को लेकर हुआ था विवाद

बलजिंदर और गुरमीत की आपस में बनती नहीं थी। घटना वाली रात भी दोनों के बीच गाड़ी टकराने को लेकर मामूली सा विवाद हुआ। सोनू रुड़का बीच-बचाव कर रहा था तो गुरमीत सिंह औलख, जो नशे में धुत बताया जा रहा था, ने घर से अपनी लाइसेंसी पिस्तौल लाकर सोनू रुड़का को गोली मार दी। दूसरी गोली उसने बलजिंदर को हमारी लेकिन वह उसकी माता कुलजीत कौर की जांघ में लगी। इसके बाद उसने फिर गोली चलाई जो बजिंदर की हाथ में लगी।

सोनू रुड़का की गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के साथ कई तस्वीरें

सोनू रुड़का की गैंगस्टर लारेंस बिश्नोई के साथ कई तस्वीरें हैं, जो उसने अपनी फेसबुक प्रोफाइल पर डाली हुई थी। बता दें कि सोनू रुड़का पहले भी कई बार जेल जा चुका है जहां उसके संपर्क गैंगस्टरो से हुए थे। देहात पुलिस ने करीब एक साल पहले सोनू रुड़का को उसके साथी के साथ पकड़ा था तब भी उसके पास से पिस्तौल मिली थी।