Latest News नयी दिल्ली पटना बिहार राष्ट्रीय

सनातन विवाद पर RJD अध्यक्ष जगदानंद का ‘ज्ञान’ पढ़ लीजिए


  पटना: डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन के बाद से सनातन धर्म को लेकर विवाद जारी है। इसी बीच, बिहार में राजद अध्यक्ष और लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) के बेहद करीबी नेता जगदानंद सिंह ने तिलक लगाने वालों को भारत को गुलाम बनाने वाला बताया। इसके साथ ही उन्होंने कर्पूरी ठाकुर, लालू प्रसाद और राम मनोहर लोहिया का उदाहरण भी दे डाला।

दरअसल, राजद नेता जगदानंद सिंह (Jagada Nand Singh) राजद कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में राजद कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (BJP) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग तिलक लगाकर घूमते हैं, उन्हीं लोगों ने भारत को गुलाम बनाया है।

 

जगदानंद सिंह ने भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधते हुए देश को गुलाम बनाने के लिए सनातन धर्म को मानने वालों को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सवाल पूछा कि भारत गुलाम किसके समय में हुआ? क्या उस समय कर्पूरी ठाकुर थे, लालू प्रसाद यादव थे या राम मनोहर लोहिया थे?

मंदिर को लेकर कही ये बात

लालू के खासमखास नेता जगदानंद सिंह ने आरोप लगाया कि टीका लगाकर घूमने वाले लोगों ने ही भारत को देश को गुलाम बनाया। उन्होंने कहा कि मंदिर बना या तोड़ो, लेकिन देश इससे नहीं चलने वाला है।

जगदानंद सिंह ने भाजपा और आरएसएस पर हमला बोलते हुए कहा कि देश को हिंदू और मुसलमान में बांटने से देश नहीं चलेगा। इससे पहले भी जगदानंद सिंह शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर के साथ रामचरितमानस पर सवाल उठा चुके हैं।