Latest News उत्तर प्रदेश नयी दिल्ली लखनऊ

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से मिले आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह,


  • लखनऊ। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसकी क्रम में समाजवादी पार्टी (सपा) व राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के बीच गठबंधन की सीटों को लेकर सहमति बन गई है। राष्ट्रीय लोक दल के बाद अब आम आदमी पार्टी (आप) भी समाजवादी पार्टी से गठबंधन कर सकती है। बताया जा रहा है कि इसी सिलसिले में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव व आम आदमी पार्टी के यूपी प्रभारी व राज्य सभा सदस्य संजय सिंह की बुधवार को मुलाकात हुई है।
लखनऊ स्थित लोहिया ट्रस्‍ट के दफ्तर में हुई इस मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच करीब एक घंटे तक बातचीत हुई। मुलाकात के बाद संजय सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार के कुशासन व तानाशाही खत्म करने के लिए कामन एजेंडा पर चर्चा हुई है।

आम आदमी पार्टी के यूपी प्रभारी संजय सिंह ने बुधवार को समाजवादी पार्टी में सपा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की। इस मुलाकात के साथ ही सियासी गलियारों में आरएलडी के बाद आप के साथ सपा के गठबंधन की सम्‍भावनाओं को लेकर चर्चा तेज हो गई है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पहले ही घोषणा कर चुके हैं कि वह यूपी में छोटे दलों को साथ लेकर चुनाव लड़ेंगे। इसी क्रम में उन्होंने मंगलवार को राष्‍ट्रीय लोकदल को 36 सीटें देकर गठबंधन को अंतिम रूप दे दिया है। इसके अलावा सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर के साथ भी उनका चुनान में मिलकर लड़ने की बात तय हो चुकी है।