पटना

समस्तीपुर: विधान पार्षद हरि नारायण चौधरी का निधन, राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार


समस्तीपुर (आससे) भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं  समस्तीपुर से विधान परिषद सदस्य हरि नारायण चौधरी का निधन शुक्रवार की देर रात पटना के आईजीआईएमएस में हो गया। उनके असामयिक निधन की सूचना मिलते हैं पूरे जिले और भाजपा परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। शुक्रवार की देर रात उनका पार्थिव शरीर समस्तीपुर स्थित आवास पर लोगों के अंतिम दर्शन के लिए लाया गया।

आज सुबह समस्तीपुर भाजपा जिला अध्यक्ष उपेन्द्र कुमार कुशवाहा ने पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि एवँ माल्यर्पण करने के बाद अपने शोक संदेश में कहा कि हरि नारायण चौधरी भारतीय जनता पार्टी के रीढ़ थे, और उनका मार्गदर्शन हमेशा पार्टी को मिलता रहता था, वे हमेशा दलितों, शोषितों एवँ  बंचितो के हित मे सोचने वाले नेता थे। उनके निधन से पार्टी को बहुत बड़ी क्षति पहुंची है, जिसकी भरपाई निकट भविष्य में सम्भव नहीं है।

उन्होंने कहा की हरी बाबू लोगों के बीच काफी लोकप्रिय थे और सामाजिक कार्यों में उनकी गहरी अभिरुचि थी और उन्होंने अपने व्यक्तित्व की बदौलत समाज के सभी वर्गों का आदर व सम्मान प्राप्त किया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की चिर शांति तथा उनके परिजनों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति, प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की। राष्ट्रीय परिषद के सदस्य राम सुमरन सिंह ने भी उनकी मृत्यु पर गहरा शोक प्रकट करते हुए कहा की उनका निधन राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है और जिले के लिए उनके द्वारा किए गए कार्य और योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।

शनिवार को अंतिम दर्शन के बाद राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार बूढ़ी गंडक के किनारे स्थित मुक्तिधाम में किया गया। जिला महामंत्री प्रभात कुमार, राजीव चौधरी, अरविंद कुशवाहा, जिला प्रवक्ता कौशल कुमार पांडेय, महिला मोर्चा अध्यक्ष गीतांजलि, सुजीत भाष्कर, अमृत चौधरी, कृष्ण बालक, विमल कुमार गोलू, प्रदीप शिवे तथा अन्य उनके अंतिम दर्शन एवं श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अमित सिंह के द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी कर यह सूचना दी गई।