TOP STORIES

सावरकर पर राहुल गांधी की टिप्पणी के बाद उठे विवाद से अब दूर भाग रही कांग्रेस


स्वतंत्रता सेनानी वी डी सावरकर पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की टिप्पणी को लेकर उठे विवाद के बाद अब कांग्रेस पार्टी खुद इस मामले से दूर भागती दिखाई दे रही है। कांग्रेस अब सफाई देने के बजाए मामले को खत्म करने की बात कह रही है। विवाद के कुछ दिनों बाद पार्टी के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने बुधवार को कहा कि सावरकर का मुद्दा अब समाप्त हो गया है और राहुल अब केवल भारत जोड़ो यात्रा पर ध्यान दे रहे हैं। कांग्रेस के ज्यादातर नेता सावरकर को लेकर हमेशा भाजपा पर तंज कसते आए हैं। इस बीच आज संचार प्रभारी महासचिव जयराम रमेश ने मामले से बचते हुए कहा कि सावरकर का अध्याय अब बंद हो गया है। बता दें कि जयराम रमेश मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले में चल रही भारत जोड़ो यात्रा के दौरान संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। बता दें कि कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के महाराष्ट्र चरण के दौरान राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि सावरकर ने अंग्रेजों की मदद की थी और डर के मारे दया याचिका लिखी थी। उन्होंने सावरकर को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का प्रतीक भी बताया था। गांधी की टिप्पणी की भाजपा और अन्य राजनीतिक संगठनों ने आलोचना की थी। भारत जोड़ो यात्रा के तहत पैदल मार्च बुधवार सुबह पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र से मध्यप्रदेश के बुरहानपुर के बोदरली गांव में पहुंच गई है। राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान अन्य प्रतिभागियों के साथ हर दिन औसतन 21 किलोमीटर की पैदल यात्रा की, जो अब तक छह राज्यों से होकर गुजरी है। मप्र में आज राहुल गांधी ने इस बीच भाजपा और आरएसएस पर देश में नफरत और हिंसा फैलाने का आरोप लगाया है।